देवभूमि न्यूज 24
पांवटा साहिब/सिरमौर
जिला सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में तीन महत्वपूर्ण कार्रवाई की हैं। पांवटा साहिब पुलिस ने 3.21 ग्राम चिट्टे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि माजरा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल से गिरने के कारण एक महिला घायल हो गई। वहीं, पुलिस की पीओ सेल टीम ने पोक्सो व दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से वांछित उद्घोषित अपराधी को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है।
पुरानी पानी की टंकी के नीचे कमरे में पकड़ा आरोपी
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त को पांवटा साहिब पुलिस की टीम बद्रीपुर के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति तारूवाला में पुरानी पानी की टंकी के नीचे बने कमरे में स्मैक/हेरोइन बेचने की फिराक में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर विजय सिंह निवासी ज्वालापुर, डाकघर निहालगढ़, तहसील पांवटा साहिब को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मोटरसाइकिल से गिरकर महिला घायल, चालक पर केस
माजरा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर अचानक ब्रेक लगाने से पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। पुलिस को दी शिकायत में सुशील कुमार निवासी संतोषगढ़ ने बताया कि 28 अगस्त को दलजीत अपनी माता श्यामा देवी को मोटरसाइकिल पर लेकर माजरा की ओर जा रहा था। मेलियो पुल के पास दलजीत ने अचानक मोटरसाइकिल पर ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे बैठी उसकी माता सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके सिर में चोट लगी। घायल महिला का उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक दलजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीरकपुर से पोक्सो मामले का उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार
जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना पुरुवाला के वर्ष 2022 के एक मामले में वांछित उद्घोषित अपराधी को जीरकपुर, पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गोलू पुत्र जगरूप सिंह निवासी अनंतपुर ढोंकला, ब्लॉक झिंझक, कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में अभियोग संख्या 103/2022, दिनांक 8 अगस्त 2022, धारा 376 आईपीसी और धारा 6 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।








