शहर में मौतों की रहस्यमयी कड़ी से हड़कंप, सच की तलाश में उतरा जीनियस जासूस; मैनक बनर्जी-टोनी लाहा रॉय आमने-सामने
हितेश जैन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
कोलकाता : एक रहस्यमयी मौत… दशकों पुराना दबा हुआ अपराध… और शहर में लगातार हो रही मौतों की ऐसी कड़ी, जिसके पीछे छिपा सच हर किसी को हैरान कर सकता है। इन्हीं सवालों और रहस्यों के बीच OTT प्लेटफॉर्म SOBSOMOY अपनी नई ओरिजिनल वेब सीरीज ‘RUDRA’ लेकर आ रहा है। निर्देशक अरिंदम चक्रवर्ती की यह क्राइम थ्रिलर शुरुआत से ही दर्शकों को रहस्य और रोमांच के जाल में उलझाने का दावा कर रही है।
कहानी की शुरुआत होती है एक अनसुलझी मौत से। मामला जितना सीधा दिखाई देता है, उसकी परतें खुलने पर उतना ही पेचीदा होता जाता है। जांच के दौरान सामने आते हैं दशकों पुराने अपराध के ऐसे राज, जिन्हें शायद हमेशा के लिए दफन समझ लिया गया था।
इस रहस्य की गुत्थी सुलझाने के लिए सामने आता है रुद्र सेन। मैनक बनर्जी का यह किरदार एक बेहद प्रतिभाशाली प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर है, लेकिन निजी त्रासदी ने उसे दुनिया से दूर कर दिया है। रुद्र की जिंदगी में उस वक्त फिर उथल-पुथल मचती है, जब पारोमिता अपने पिता की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए उसके दरवाजे तक पहुंचती है।
टोनी लाहा रॉय की पारोमिता सच जानने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार नजर आती है। रुद्र और पारोमिता की तलाश जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, उनके सामने अतीत का वह अंधेरा सामने आने लगता है, जिसका असर आज भी दिखाई दे रहा है।
‘गीता’ से जुड़ेगा मौतों का रहस्य!
सीरीज की सबसे दिलचस्प कड़ी इसके निर्देशक अरिंदम चक्रवर्ती के मुताबिक शहर में हो रही आत्महत्याओं और भगवद गीता के बीच का कनेक्शन है। यही कनेक्शन कहानी को आम जासूसी कहानियों से अलग मोड़ देता है। निर्देशक का कहना है कि टीम ने घिसी-पिटी डिटेक्टिव स्टोरी से हटकर कुछ नया और फ्रेश पेश करने की कोशिश की है।
टोनी बोलीं:पारोमिता मेरे दिल के करीब
टोनी लाहा रॉय ने कहा कि पारोमिता उनके लिए बेहद खास किरदार है। उनके अब तक के नेगेटिव रोल्स के मुकाबले यह भूमिका सकारात्मक और जमीन से जुड़ी हुई है। पिता के साथ पारोमिता का रिश्ता उन्हें इस किरदार से भावनात्मक तौर पर जोड़ता है।
रुद्र के लुक ने मैनक को भी चौंकाया
मैनक बनर्जी ने रुद्र को अपने करियर का बेहद यूनिक किरदार बताया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें किरदार के लुक को लेकर संदेह था, लेकिन फोटोशूट के बाद उन्हें यह लुक बेहद पसंद आया। उनके मुताबिक, ‘RUDRA’ एक दमदार थ्रिलर है।
सीरीज में सौरदीप रॉय, अर्ना धर और प्रिया मंडल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। रहस्यमयी मौत, पुराने अपराध और शहर में मौतों की उलझी कड़ियां अब देखना होगा कि रुद्र आखिर किस सच से पर्दा उठाता है और इस रहस्य का असली चेहरा कौन है। ‘RUDRA’ जल्द ही SOBSOMOY OTT पर स्ट्रीम होगी।








