हिमाचल के 150 सीबीएसई स्कूलों में अब दिन में तीन बार लगेगी हाजिरी, शिक्षकों को ड्रेस के लिए मिलेंगे 5 हजार

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश के 150 सीबीएसई स्कूलों में नई व्यवस्थाएं लागू करने के निर्देश दिए हैं। इन स्कूलों में अब विद्यार्थियों और शिक्षकों की दिन में तीन बार उपस्थिति दर्ज होगी। स्कूल पहुंचने के समय, लंच ब्रेक और छुट्टी के समय हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड निर्धारित किए जाएंगे। शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड एक अक्तूबर से अनिवार्य होगा। ड्रेस खरीदने में सुविधा के लिए प्रत्येक शिक्षक को 5,000 रुपये की एकमुश्त विशेष वित्तीय सहायता दी जाएगी। विद्यार्थियों की स्कूल यूनिफार्म को लेकर निर्णय अगले एक सप्ताह में लिया जाएगा।सुक्खू ने बताया कि प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में करीब 1,200 शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है और आवश्यकता के अनुसार आगामी समय में और शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है।सीबीएसई स्कूलों के सुधार और विद्यार्थियों व शिक्षकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार अतिरिक्त 80 करोड़ रुपये खर्च करेगी। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को इन सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा स्कूलों के संचालन और सुविधाओं में लगातार सुधार के निर्देश दिए।बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, महाधिवक्ता अनूप रतन, सचिव शिक्षा राकेश कंवर सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।