मंच के हर कार्यक्रम में बांध देते थे समां, आनंद सोहर के निधन से शोक की लहर

Share this post

सेवानिवृत्त जिला लोक संपर्क अधिकारी के निधन से पत्रकारिता और साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति

राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

ऊना : हिमाचल प्रदेश के जाने-माने मंच संचालक, कवि, लेखक और सेवानिवृत्त जिला लोक संपर्क अधिकारी आनंद सोहर के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। आनंद सोहर ने ऊना और मंडी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में लोक संपर्क अधिकारी के रूप में सेवाएं दीं और अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई।
आनंद सोहर केवल कुशल लोक संपर्क अधिकारी ही नहीं, बल्कि गजब के शब्द शिल्पी, अनुवादक, कवि, लेखक और प्रभावी मंच संचालक भी थे। किसी भी कार्यक्रम का संचालन उनके हाथ में हो तो वे अपनी भाषा, हास्य-विनोद और सहज अंदाज से पूरे माहौल में जान डाल देते थे। यही कारण था कि वे पत्रकारों, साहित्यकारों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के बीच खासे लोकप्रिय रहे।
उनका प्रदेशभर के पत्रकारों के साथ आत्मीय संबंध रहा। सहज स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के चलते उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान अनेक लोगों के दिलों में स्थायी जगह बनाई। उनके निधन को पत्रकारिता और साहित्य जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
अम्बिकानगर-अम्ब साहित्य परिषद ने जताया शोक
अम्बिकानगर-अम्ब साहित्य परिषद, जिला ऊना ने आनंद सोहर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। परिषद ने कहा कि उनके निधन से साहित्य जगत ने एक सर्वगुण संपन्न साहित्यकार खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
साहित्यकारों, पत्रकारों और उनके परिचितों ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।