शिलाई महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा एवं नशा निवारण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

शिलाई : सिरमौर जिला के राजकीय महाविद्यालय शिलाई में सड़क सुरक्षा एवं नशा निवारण विषयों पर एक जागरूकता कार्यक्रम एवं अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिलाई के थाना प्रभारी ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।

यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. गोपाल भारद्वाज के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों प्रो. यशपाल एवं प्रो. रंजना, रेंजर्स एवं रोवर्स प्रभारी प्रो. अजय एवं प्रो. रीबा, सड़क सुरक्षा संयोजक प्रो. रीना तथा नशा निवारण जागरूकता कार्यक्रम की प्रभारी प्रो. रंजना का विशेष योगदान रहा।

अपने संबोधन में थाना प्रभारी शिलाई ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग तथा यातायात नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

प्राचार्य प्रो. गोपाल भारद्वाज ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा और नशा निवारण के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा समाज की शक्ति हैं और सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा रेंजर्स एवं रोवर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।