ब्यूरो कुल्लू
देवभूमि न्यूज 24
कुल्लू : जिला कुल्लू के विद्यालय सिहण में शिक्षक दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में विद्यालय की मुखिया अध्यापिका श्रीमती प्रभा ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के प्रति सदैव सम्मान की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
शिक्षा संवाद में सर्वांगीण विकास पर मंथन
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में शिक्षा संवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा के महत्व, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण को लेकर विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संवाद में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस को यादगार बनाते हुए अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा।