रघुवीर राणा, ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
पांवटा साहिब : सिरमौर जिला के पांवटा साहिब स्थित उप-मंडलीय पशु चिकित्सालय में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए तिरुपति ग्रुप ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत ₹20 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की है। इस राशि से अस्पताल के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं, जिससे पशुओं की बीमारियों की जांच और निदान में सुविधा मिलेगी।
CSR पहल के तहत अस्पताल को हेमटोलॉजी ब्लड सेल काउंटर Model “MEK 6550 J/K” तथा NX 600 फुजी ड्रि केमिस्ट्री पूर्णतः स्वचालित चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं। इन अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से पशुओं के रक्त एवं अन्य आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण अधिक सटीकता और कम समय में किए जा सकेंगे।
इन उपकरणों का शुभ उद्घाटन कार्यकारी निदेशक अरुण गोयल ने किया। इस अवसर पर मौजूद गणमान्य व्यक्तियों ने तिरुपति ग्रुप की CSR पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता से क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी और पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
तिरुपति ग्रुप की ओर से कहा गया कि कंपनी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देती है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार योगदान कर रही है। पांवटा साहिब पशु चिकित्सालय को दी गई यह सहायता भी कंपनी की ‘सेवा और सामाजिक विकास’ के प्रति प्रतिबद्धता का हिस्सा है।