देवभूमि न्यूज 24
शिमला : भाषा एवं संस्कृति विभाग, जिला शिमला द्वारा राजभाषा पखवाड़े के अवसर पर 9 सितंबर, 2026 को प्रातः 10 बजे गेयटी थिएटर, शिमला में स्कूली विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के साथ-साथ हिंदी के प्रचार-प्रसार, भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि तथा राजभाषा हिंदी के प्रति गौरव और जागरूकता की भावना विकसित करना है।
विभाग के अनुसार आयोजन के माध्यम से युवा पीढ़ी में हिंदी के प्रति सम्मान, अभिरुचि एवं व्यवहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर भाषण, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थी हिंदी भाषा से संबंधित विषयों पर अपने विचार एवं अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे। निबंध लेखन प्रतियोगिता में हिंदी भाषा के महत्व एवं उपयोगिता से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों को अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिलेगा। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हिंदी साहित्य एवं व्याकरण पर आधारित होगी।
प्रतियोगिताओं में कक्षा 9वीं से 10+2 तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रत्येक विद्यालय से निर्धारित नियमों के अनुसार विद्यार्थी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता करेंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह, पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
राजभाषा पखवाड़े के तहत जिला स्तर पर राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक जिला स्तरीय कार्यालय, एक जिला स्तरीय अधिकारी तथा दो कर्मचारियों को भी राजभाषा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।