देवभूमि न्यूज 24 – (शिलाई)
कार्तिकेय तोमर
शिलाई उपमंडल की ग्राम पंचायत शिरी क्यारी में श्री जाहरवीर यूथ स्पोर्ट्स एंड क्लब क्यारी द्वारा 16वीं कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 22 टीमों ने भाग लिया।
रोमांचक मुकाबले के बाद बावटा की टीम विजेता रही और जीर की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को ट्रॉफी और सम्मानजनक नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के फाइनल एवं समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय के अधिवक्ता श्याम सिंह चौहान उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीम को अपनी ओर से 11,000 रुपये की अतिरिक्त पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।
मुख्य अतिथि ने कहा कि “मैदान में उतरो तो जोश होना चाहिए, सांसें भले टूट जाएं पर होश होना चाहिए, कबड्डी तो सिर्फ खेल नहीं ये जज्बा है, छू के आना मिट्टी को ये ही तो हिमाचल का जोश होना चाहिए।”
उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जहां युवा मोबाइल में व्यस्त हैं, वहां आप लोगों ने पसीने से लथपथ यह मैदान सजाया है। यह सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, नशे के खिलाफ और एकता के लिए एक अभियान है।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कबड्डी हमें तीन मंत्र सिखाती है – सांस, साहस और समझदारी। रेड डालने वाले में साहस चाहिए और उसे पकड़ने वाली पूरी टीम में समझदारी और एकता चाहिए। यही टीमवर्क जीवन में काम आएगा।
अंत में उन्होंने कहा – “न तेरा है, न मेरा है, ये तो सबका खेल है, मिलजुल कर खेलो तो ही, इसमें जीत का मेल है।”
आयोजक मंडल के अध्यक्ष चतर सिंह और सचिव प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों और टीमों का आभार व्यक्त किया।
देवभूमि संदेश – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ
देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन:9816216579