कांग्रेस सरकार के कुप्रबंधन से प्रदेश में तालाबंदी की स्थिति – जयराम ठाकुर

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – रामपुर

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नोगली में आयोजित पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार के कुप्रबंधन से चारों तरफ तालाबंदी की स्थिति बनी हुई है। विकास कहीं हो नहीं रहा और कर्ज पर कर्ज लेकर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार लॉक और लोन प्रिय सरकार बन चुकी है। न सरकार विकास करने में सक्षम है और न ही कानून व्यवस्था को सही करने में। वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों, विकास कार्यों में बाधाओं और ग्रामीण क्षेत्रों की अनदेखी का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केवल अपने गृह क्षेत्र नादौन और अपनी पत्नी के निर्वाचन क्षेत्र देहरा पर ही प्रदेश का सारा बजट खर्च कर रहे हैं और बाकी 66 विधानसभा क्षेत्रों की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने आते ही जनहित में खुले 2000 से अधिक सरकारी संस्थानों पर ताले लगा दिए। चार वर्ष होने को हैं, फिर भी धरातल पर विकास नहीं दिख रहा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चुनाव को एक वर्ष शेष रहने पर सरकार ने राजनीतिक मकसद से नए संस्थान खोले, तो भाजपा सरकार आने पर उन सभी फैसलों की समीक्षा होगी और बंद किए गए संस्थानों को पुनः बहाल किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के पिता पर टिप्पणी से कांग्रेस का असली चरित्र उजागर – जयराम

कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता मर्यादाएं लांघ चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर अपमानजनक टिप्पणी कर अपने दल का असली चरित्र उजागर कर दिया है। राहुल गांधी की बार-बार नाकाम रिलॉन्चिंग से कांग्रेस में हताशा है, इसीलिए घटिया बयानबाजी कर रहे हैं। पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में हार के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व पर सवाल खड़े हो गए हैं। 2027 में भाजपा प्रचंड बहुमत से वापसी करेगी।

रामपुर में लगातार मजबूत हो रहा भाजपा का कुनबा, 60 महिला मंडलों ने थामा दामन

रामपुर में कार्यक्रम के दौरान 60 महिला मंडलों की सदस्यों ने कांग्रेस की नीतियों से तंग आकर भाजपा की विचारधारा में विश्वास व्यक्त करते हुए पार्टी ज्वाइन की। जयराम ठाकुर ने मातृशक्ति का स्वागत किया। इस अवसर पर रामपुर से भाजपा प्रत्याशी रहे युवा नेता कौल नेगी और जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण फाल्टा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि न्यूज 24 : मेरा गांव, मेरा देश
देश-दुनिया, गांव-देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन : 9816216579
देवभूमि न्यूज 24 : पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ