व्यक्तिगत अपमान लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर प्रहार है – तोमर
देवभूमि न्यूज 24 – शिलाई
कार्तिकेय तोमर
भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता एवं परिवार को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है।
बलदेव तोमर ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन विरोध के नाम पर किसी के दिवंगत माता-पिता और परिवार को निशाना बनाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। राजनीति में विचारों, नीतियों और विकास कार्यों पर बहस होनी चाहिए, व्यक्तिगत जीवन पर नहीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण और देश के विकास के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक पहचान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। ऐसे में राजनीतिक विरोध के दौरान उनके परिवार को निशाना बनाना उचित नहीं है।
तोमर ने कहा कि कांग्रेस को समझना चाहिए कि देश की जनता नीतियों और कार्यों के आधार पर मूल्यांकन करती है। भारतीय संस्कृति में माता-पिता का सम्मान सर्वोपरि है। किसी व्यक्ति के दिवंगत माता-पिता के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग सामाजिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं का भी अपमान है।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि वह इस कथित टिप्पणी पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे और सार्वजनिक जीवन में भाषा एवं आचरण की मर्यादा बनाए रखे। लोकतंत्र में आलोचना का स्वागत है, लेकिन आलोचना और व्यक्तिगत अपमान के बीच की सीमा का सम्मान हर दल की जिम्मेदारी है।
देवभूमि न्यूज 24 : मेरा गांव, मेरा देश
देश-दुनिया, गांव-देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन : 9816216579