शिलाई के लालुग में महीनों से अवैध खनन का खेल! सूचना के बाद भी क्यों सोया रहा खनन विभाग..?

Share this post

एसडीएम और जिला खनन अधिकारी को थी सूचना, मंगलवार सुबह पुलिस ने सतौन में पकड़े दो वाहन, तीन वाहन फरार

देवभूमि न्यूज 24 – शिलाई (सिरमौर)

शिलाई क्षेत्र में उपमंडल कफोटा के अंतर्गत लालुग क्षेत्र में निजी भूमि पर कथित तौर पर कई महीनों से चल रहे अवैध खनन ने खनन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि इस अवैध खनन को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि एसडीएम कार्यालय कफोटा का कर्मचारी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अवैध खनन की सूचना पहले ही संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दी गई थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

मामला तब और गंभीर हो गया जब रविवार को एसडीएम कफोटा और जिला खनन अधिकारी को अवैध खनन की सूचना देने के बावजूद प्रभावी रोक नहीं लगाई जा सकी। आरोप है कि देर रात हैवना चेक पोस्ट से बिना एम-फॉर्म के खनन सामग्री से भरे वाहन धड़ाधड़ गुजर गए और उनकी आवाजाही नहीं रोकी गई।

वहीं मंगलवार सुबह पुलिस चौकी राजबन को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद सतौन में कार्रवाई करते हुए अवैध खनन से जुड़े दो भारी भरकम वाहन पकड़ लिए गए। वहीं तीन अन्य वाहन मौके से फरार होने में कामयाब रहे। इस कार्रवाई ने फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि जब पुलिस गुप्त सूचना पर वाहन पकड़ सकती है, तो खनन विभाग को पहले दी गई सूचना पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

स्थानीय स्तर पर बताया जा रहा है कि फरार वाहनों की आवाजाही से संबंधित सीसीटीवी फुटेज एसडीएम कार्यालय कफोटा, कमरऊ स्थित कोऑपरेटिव बैंक और तिलोरधार के समीप पेट्रोल पंप पर मिल सकती है। यदि समय रहते फुटेज खंगाली जाए तो फरार वाहनों की पहचान में मदद मिल सकती है।

पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और उनके चालान न्यायालय में पेश किए जाने हैं। लेकिन सवाल यह भी है कि मौके से फरार हुए तीन वाहनों का क्या होगा? क्या उनकी पहचान कर उन्हें भी पकड़ा जाएगा या मामला केवल दो वाहनों तक सीमित रह जाएगा?

अब जरूरत सिर्फ दो वाहनों को पकड़ने की नहीं, बल्कि पूरे मामले की तह तक जाने की है। लालुग से लेकर हैवना चेक पोस्ट और सतौन तक वाहनों की आवाजाही की जांच होनी चाहिए। साथ ही पहले दी गई सूचना पर कार्रवाई की स्थिति भी सार्वजनिक होनी चाहिए।

उधर मामले की पुष्टि करते हुए एसडीएम कफोटा का कार्यभार देख रहे शिलाई के एसडीएम जसपाल सिंह कपूर ने बताया कि यदि उनके कार्यालय से जुड़े किसी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा पकड़े गए और फरार वाहनों को लेकर पुलिस को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

देवभूमि न्यूज 24 : मेरा गांव, मेरा देश
देश-दुनिया, गांव-देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन : 9816216579
देवभूमि न्यूज 24 : पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ