नाबार्ड के सौजन्य से नैनीधार बैंक शाखा ने किया शिविर का आयोजन, बीमा योजनाओं से लेकर ऋण सुविधाओं तक किया जागरूक
देवभूमि न्यूज 24 – कार्तिकेय तोमर शिलाई
नैनीधार। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की नैनीधार शाखा द्वारा राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सौजन्य से 27 अक्टूबर 2026 को ग्राम थुंबाड़ी, ग्राम पंचायत शखोली में वित्तीय जागरूकता एवं वित्तीय साक्षरता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शाखा प्रबंधक श्री धर्म सिंह धीमान की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को केंद्र एवं हिमाचल प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा बैंकिंग सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही गृह ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड तथा लघु उद्योगों एवं उद्यमों के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाना, बैंकिंग सेवाओं के प्रति उनकी समझ बढ़ाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वित्तीय साक्षरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस प्रकार के जागरूकता शिविर ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने, वित्तीय सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।