शिलाई में भर्ती नीति के विरोध में भाजपा नेड़ापार मंडल ने जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता का फूंका पुतला

Share this post

देवभूमि न्यूज 24
कार्तिकेय तोमर , शिलाई

शिलाई : जल शक्ति विभाग मंडल शिलाई की भर्ती प्रक्रिया और कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी नेड़ापार मंडल ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जल शक्ति विभाग और शिलाई विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा विभाग के अधिशासी अभियंता का पुतला दहन कर अपना रोष व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विभाग की भर्ती नीति और कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के युवाओं एवं आम जनता में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में अपनाई जा रही नीतियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के उचित अवसर उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में युवाओं के हितों की अनदेखी की जा रही है।

वक्ताओं ने कहा कि शिलाई क्षेत्र की जनता और युवाओं की आवाज को नजरअंदाज करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के सवालों का जवाब दें और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करें।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जल शक्ति विभाग की भर्ती प्रक्रिया और संबंधित नीतियों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए तथा युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाए। साथ ही विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर संबंधित अधिकारियों और शिलाई विधायक को जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

प्रदर्शन में भाजपा नेड़ापार मंडल अध्यक्ष साधुराम चौहान, महामंत्री नरेश चौहान, कुलदीप शर्मा, किसान मोर्चा जिला सिरमौर के महामंत्री दिनेश चौहान, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनीष चौहान, उपाध्यक्ष मनोज पुंडीर, महेंद्र सिंह, परशुराम सेवा समिति अध्यक्ष तरुण शर्मा, प्रवीण चौहान, नीटू शर्मा, हरिचंद शर्मा और संजय चौहान सहित क्षेत्र के अनेक युवा, बुद्धिजीवी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के अधिकारों, रोजगार और जनता के सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। जब तक युवाओं के हितों से जुड़े सवालों का संतोषजनक समाधान नहीं होता, तब तक भाजपा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाती रहेगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारा दिया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा और जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579