हिम रतन-2026: 419 खिलाड़ियों को 17.85 करोड़ रुपये की सम्मान राशि वितरित

Share this post

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को किया सम्मानित

*देवभूमि न्यूज 24*

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह ‘हिम रतन-2026’ में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 419 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कुल 17.85 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि के चेक वितरित किए।

समारोह में एथलेटिक्स के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतने वाले सावन बरवाल को 2.64 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं, एथलेटिक्स में कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को 1.99 करोड़ रुपये से सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सुश्री रेणुका को 2.20 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

कबड्डी के क्षेत्र में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली पुष्पा राणा और भावना ठाकुर को 1.04-1.04 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं, कबड्डी खिलाड़ियों रितु नेगी और ज्योति ठाकुर को 1.02-1.02 करोड़ रुपये देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके योगदान को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। समारोह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर हिमाचल की प्रतिभा का परचम लहराने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया गया।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579