देवभूमि न्यूज 24
कार्तिकेय तोमर
नाहन ; हिमाचल प्रदेश के युवाओं को नशे के चंगुल से दूर रखने और खेलकूद के माध्यम से उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से युवा सेवा एवं खेल विभाग ने ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ की शुरुआत की है। इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन क्रिकेट, वॉलीबॉल और कबड्डी जैसे लोकप्रिय खेलों के माध्यम से प्रदेश के सभी 12 जिलों में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की आयु सीमा 15 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। इसमें पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने प्रतियोगिता के प्रत्येक स्तर पर आकर्षक नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रमा शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जाएगी।
उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 41 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
इसी प्रकार जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1 लाख 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
वहीं, राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 31 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 15 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 10 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के युवाओं के लिए अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बेहतरीन अवसर है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों एवं टीमों के लिए विभाग ने निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक प्रतिभागी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट khelohimachal.hp.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसलिए इच्छुक खिलाड़ी समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।
प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01702-224176 एवं 7018290424 पर संपर्क किया जा सकता है।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579