कुल्लू की देहुरीधार पंचायत के सिहण गांव में सप्ताह में दो दिन डाकघर सेवाएं शुरू करने की मांग

Share this post

जिला शिकायत निवारण समिति के सदस्य महेन्द्र सिंह ने अधीक्षक डाकघर मंडी को भेजा पत्र, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की परेशानी उठाई

*देवभूमि न्यूज 24*

कुल्लू सैंज तहसील की ग्राम पंचायत देहुरीधार के लोगों को डाकघर संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सिहण गांव में सप्ताह में कम से कम दो दिन वैकल्पिक डाकघर शाखा संचालित करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में जिला शिकायत निवारण समिति के सदस्य महेन्द्र सिंह ने अधीक्षक डाकघर, मंडी मंडल को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

महेन्द्र सिंह ने पत्र में बताया कि ग्राम पंचायत शैशर स्थित डाकघर बजाहरा के अंतर्गत दो पंचायतें शैशर और देहुरीधार आती हैं। वर्तमान में डाकघर से संबंधित सभी कार्य बजाहरा गांव में ही होते हैं। ऐसे में ग्राम पंचायत देहुरीधार के दूरदराज के गांवों से आने वाले लोगों को डाकघर संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के कारण विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, पेंशनधारकों और महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बचत खाता, पेंशन, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB), सुकन्या समृद्धि योजना और आवर्ती जमा खाते (आरडी) सहित अन्य डाक सेवाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को बजाहरा जाना पड़ता है।

महेन्द्र सिंह ने मांग की है कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए डाकघर बजाहरा की सेवाएं सप्ताह में कम से कम दो दिन ग्राम पंचायत देहुरीधार के सिहण गांव में उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक विभाग की ओर से स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक वह अपनी ओर से डाकघर संचालन के लिए कमरे की सुविधा उपलब्ध करवाने को तैयार हैं।

उन्होंने डाक विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा को देखते हुए इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र उचित कदम उठाए जाएं।

देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव, मेरा देश निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध

देश-दुनिया और गांव-देहात की खबरों को पढ़ते रहिए।
समाचार एवं विज्ञापन: 9816216579
पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ