भीम सिंह दसाईक
ब्यूरो देवभूमि न्यूज 24
कुपवी (शिमला)शिमला जिला के कुपवी उपमंडल के धार चांदना क्षेत्र में दीपावली पर्व को लेकर गांवों के बीच वर्षों से चला आ रहा विवाद आखिरकार सुलझ गया है। इस बार दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मिल-जुलकर दीपावली मनाने का निर्णय लिया है। विवाद के समाप्त होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने इसे आपसी भाईचारे तथा सौहार्द की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व के आयोजन को लेकर दोनों गांवों के लोगों के बीच हर वर्ष तनाव की स्थिति बनी रहती थी।

विवाद की आशंका के चलते पुलिस प्रशासन को भी पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहरा देना पड़ता था। ऐसे में वर्षों से चले आ रहे इस विवाद का आपसी सहमति से समाधान होना क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर है। इस संबंध में परगना धार चांदना की बैठक गांवखर महासू मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायत प्रधान, नंबरदारों सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। वहीं ग्राम पंचायत बावत, विकास खंड कुपवी की ग्राम सभा बैठक प्रधान सरिता कुमारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें 77 लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में दीपावली पर्व को सामूहिक रूप से मनाने और इसके लिए आवश्यक शर्तों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में विचाराधीन मामले CWP No. 12099 of 2024 के संदर्भ में दोनों पक्षों की सहमति को दर्ज किया गया। सहमति के अनुसार दीपावली के दौरान फसलों को नुकसान पहुंचाने, आगजनी,लड़ाई-झगड़े तथा गाली-गलौच जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
इसके साथ ही उच्च न्यायालय द्वारा वर्ष 2025 में दीपावली पर्व को सामूहिक रूप से मनाने के संबंध में लगाई गई पाबंदियां यथावत लागू रहेंगी। मंदिर कमेटी गांवखर-ओरन को दान और खर्च का पूरा विवरण साझा करना होगा। देहरा, टिम्बरी सहित क्षेत्र के अन्य मंदिरों के दान एवं खर्च का ब्योरा भी साझा करने पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई है।
सहमति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि देवकार्य तथा मंदिर संचालन कमेटी के कार्यों में प्रतिवादी पक्ष का हस्तक्षेप मान्य नहीं होगा। भविष्य में इस प्रकार की अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोनों पक्षों को सार्थक प्रयास करने होंगे। यदि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण नहीं रहा तो दीपावली पर्व का सामूहिक आयोजन बंद करने का निर्णय भी लागू हो सकता है। ग्राम पंचायत की बैठक में इस बात का भी उल्लेख किया गया कि पूर्व पंचायत प्रधान द्वारा न्यायालय में चल रहे मामले के संदर्भ में लिखित जिम्मेदारी दर्ज करवाई गई थी, जबकि वर्तमान पंचायत प्रधान ने स्पष्ट किया कि वह उस जिम्मेदारी को वहन नहीं कर सकतीं।
बहरहाल, वर्षों से चले आ रहे विवाद का आपसी सहमति से समाधान होना धार चांदना क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संदेश है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों गांवों के लोग पुराने मतभेद भुलाकर प्रेम, सौहार्द और पारंपरिक भाईचारे के साथ दीपावली का त्योहार मनाएंगे।
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव मेरा देश
देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए
कुपवी क्षेत्र की जनता हमारे ब्यूरो भीम सिंह दसाईक के माध्यम से अपने समाचार और विज्ञापन उनके व्हाट्सएप 98051-21268 पर भेजे