बंगाली फिल्म ‘लोक्खीकांतोपुर लोकल’ के निर्देशन के लिए मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान, फिल्म जगत में खुशी की लहर
हितेश जैन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
मुंबई:नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर राम कमल मुखर्जी ने अपने करियर में एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। उन्हें अपनी बंगाली फिल्म ‘लोक्खीकांतोपुर लोकल’ के लिए कनाडा के टोरंटो में आयोजित 11वें इंटरनेशनल इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ टोरंटो (IIFFT) में बेस्ट डायरेक्टर के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। खास बात यह है कि इस श्रेणी में उन्होंने बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक कबीर खान के साथ यह सम्मान साझा किया है। कबीर खान को कार्तिक आर्यन अभिनीत फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए यह पुरस्कार मिला है।

फेस्टिवल के आधिकारिक पोस्टर और सोशल मीडिया पर जारी घोषणा में राम कमल मुखर्जी को फिल्म ‘लोक्खीकांतोपुर लोकल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक घोषित किए जाने की पुष्टि की गई है। फिल्म को फेस्टिवल में ‘Maid in India’ सबटाइटल के साथ प्रदर्शित किया गया।
‘एक दुआ’ से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
राम कमल मुखर्जी ने वर्ष 2023 में अपनी हिंदी शॉर्ट फिल्म ‘एक दुआ’ के लिए पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हासिल किया था। अब अपनी बंगाली फिल्म ‘लोक्खीकांतोपुर लोकल’ के माध्यम से उन्होंने बंगाल की स्थानीय संस्कृति, आम लोगों और उनकी अनकही कहानियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है।
फिल्म का निर्माण संगीता सिन्हा ने अपने बैनर एंजेल क्रिएशन्स के तहत किया है। अपनी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए राम कमल मुखर्जी ने कहा कि हर पुरस्कार खास होता है, लेकिन अपनी मातृभाषा में कही गई कहानी को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलना भावनात्मक रूप से और भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि ‘लोक्खीकांतोपुर लोकल’ उनके दिल के बेहद करीब है। यह फिल्म उन लोगों, स्थानों और कहानियों का उत्सव है, जो अक्सर अनदेखी रह जाती हैं, लेकिन हमारी जिंदगी का अभिन्न हिस्सा हैं। कबीर खान जैसे प्रतिष्ठित फिल्मकार के साथ यह सम्मान साझा करना उनके लिए विशेष अनुभव है। उन्होंने अपनी निर्माता संगीता सिन्हा, पूरी निर्देशन टीम और फिल्म फेस्टिवल की जूरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
दिग्गज कलाकारों से सजी है फिल्म
‘लोक्खीकांतोपुर लोकल’ में ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, पाओली दाम, कौशिक गांगुली, इंद्रनील सेनगुप्ता, चंद्रेयी घोष, सायनी घोष, जॉन भट्टाचार्य, राजनंदिनी पॉल और देबाशीष मंडल सहित कई प्रतिभाशाली कलाकारों ने अभिनय किया है।
फिल्म की निर्माता संगीता सिन्हा ने निर्देशक राम कमल मुखर्जी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा में आर्थिक सीमाएं और चुनौतियां रहती हैं, इसके बावजूद फिल्म ने अपनी मजबूत कहानी और कलाकारों के शानदार अभिनय के दम पर दर्शकों का दिल जीता है।
वहीं अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता ने राम कमल मुखर्जी को बेस्ट डायरेक्टर का पुरस्कार मिलने को पूरी तरह योग्य सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि उनकी निर्देशन क्षमता की सराहना पहले भी होती रही है।
गौरतलब है कि इस फिल्म ने वेस्ट बंगाल फिल्म जर्नलिस्ट्स अवॉर्ड्स 2026 में भी उपलब्धि हासिल की है। फिल्म के लिए अभिनेत्री चंद्रेयी घोष को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला। टोरंटो में मिली इस अंतरराष्ट्रीय सफलता से राम कमल मुखर्जी के साथ-साथ बंगाली और क्षेत्रीय सिनेमा को भी नई पहचान मिली है।
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव मेरा देश
सिने जगत,देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579