भीम सिंह दसाईक,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
कुपवी। दीपावली पर्व के मद्देनजर तहसीलदार कुपवी लोकिन्दर चौहान ने पुलिस टीम के साथ कुपवी बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिठाई की दुकानों, होटलों और पटाखों की बिक्री करने वाले स्थानों का विशेष रूप से निरीक्षण किया।
तहसीलदार लोकिन्दर चौहान ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के प्रतीक होते हैं। ऐसे अवसरों पर कुछ दुकानदार अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में मिठाइयों में मिलावट कर देते हैं, जिसका आम लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मिठाई की दुकानों और होटलों की जांच की गई।
उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों के कारण आगजनी जैसी अप्रिय घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया। इस दौरान पटाखे बेचने वाले दुकानदारों की प्रशासनिक अनुमति की भी जांच की गई।
तहसीलदार ने आम जनता को सूचित करते हुए स्पष्ट किया कि कुपवी में केवल प्रशासन से अधिकृत व्यक्ति ही पटाखों की बिक्री कर सकेंगे। पटाखे बेचने के लिए सार्वजनिक खेल मैदान को निर्धारित किया गया है। इसके अलावा किसी अन्य स्थान पर पटाखे बेचने या प्रशासन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव मेरा देश देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए
कुपवी क्षेत्र के समाचार , विज्ञापन देवभूमि न्यूज 24 के प्रतिनिधि भीम सिंह दसाईक के माध्यम से व्हाट्सएप 98051- 21268 पर भेजे