कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
नाहन (सिरमौर)। धनतेरस के पावन अवसर पर गांव सागंना के ग्रामीणों ने मिलकर आराध्य देवता शिरगुल महाराज एवं गुड़ियाली माता का भव्य जागरण आयोजित किया। इस धार्मिक आयोजन में गांव की ध्यानटूड़ियों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरी रात गांव का वातावरण देवी-देवताओं की भक्ति और भजनों से भक्तिमय बना रहा।

जागरण के दौरान गांव की ध्यानटूड़ियों एवं महिलाओं ने शिरगुल महाराज और गुड़ियाली माता की महिमा का गुणगान किया। इसके बाद भजन मंडली के साथ मिलकर देर रात तक भजन-कीर्तन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ देवी-देवताओं का गुणगान कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

जागरण संपन्न होने के बाद सुबह गांव की ध्यानटूड़ियों की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव के समस्त लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन के दौरान गांव के लोगों ने ध्यानटूड़ियों को पारंपरिक ढाठू पहनाकर विशेष मान-सम्मान भी किया। सभी ध्यानटूड़ियां एक जैसी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं, जिसने आयोजन की सांस्कृतिक छटा को और बढ़ा दिया।
भंडारे की परंपरा के अनुसार सबसे पहले गांव सागंना के कुल पुरोहित एवं ग्राम निवासी मंडवाच वाले को भोजन करवाकर जिमाया गया।

इसके बाद भंडारे में पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे के सफल आयोजन में गांव के युवाओं ने भी विशेष सहयोग दिया और सेवा भाव से श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा।
देवी-देवताओं के चरणों में श्रद्धालुओं ने चढ़ाई भेंट
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा के अनुसार देवी-देवताओं के चरणों में भेंट भी अर्पित की। इसमें शिरगुल महाराज के नाम पर 29 हजार 600 रुपये तथा गुड़ियाली माता के नाम पर भी 29 हजार 600 रुपये की राशि भेंट स्वरूप प्राप्त हुई।
इस धार्मिक आयोजन की जानकारी मीडिया को जारी बयान में गांव के नंबरदार संतराम ठाकुर, पंचायत उपप्रधान बलवीर ठाकुर, पूर्व पंचायत प्रधान देवेंद्र ठाकुर, गुलाब सिंह ठाकुर, हीरा सिंह नेगी, मोहन सिंह ठाकुर, जगपाल ठाकुर, जगदीश ठाकुर, राकेश सागंटा और प्रताप सिंह रावत ने दी।
ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजन गांव की प्राचीन परंपराओं, देवी-देवताओं के प्रति आस्था और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जागरण और भंडारे के सफल आयोजन से पूरे गांव में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579