बीबीएमबी बिजली हिस्सेदारी पर फैसले का श्रेय लेने के बजाय जनता को लाभ दिलाएं मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

शिमला बीबीएमबी की बिजली हिस्सेदारी को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि फैसले का राजनीतिक श्रेय लेने के बजाय मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता को इसका पूरा लाभ दिलाने पर ध्यान देना चाहिए।

शनिवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बिजली अधिकारों की लड़ाई करीब 30 वर्षों तक चली है। इस संघर्ष में प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों के साथ न्यायपालिका और केंद्र सरकार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि छह नवंबर को सर्वोच्च न्यायालय का आया फैसला किसी एक सरकार की उपलब्धि नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष का परिणाम है। ऐसे में मुख्यमंत्री सुक्खू को इसका राजनीतिक श्रेय लेने से बचना चाहिए।

जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 1966 में पंजाब पुनर्गठन के बाद हिमाचल प्रदेश के अधिकारों का सवाल उठा था। वर्ष 1996 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में इस मामले को सर्वोच्च न्यायालय में उठाया गया। इसके बाद 27 सितंबर, 2011 को प्रेम कुमार धूमल सरकार के कार्यकाल में हिमाचल की 7.19 प्रतिशत बिजली हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण फैसला आया।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी हिमाचल के पानी पर रॉयल्टी का मुद्दा उठाकर इस लड़ाई की नींव रखी थी। जयराम ठाकुर ने बताया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में चार जनवरी, 2018 को मंत्रिमंडल ने डिफरेंशियल एनर्जी की वापसी को लेकर आगे बातचीत करने का निर्णय लिया था। इसके बाद वर्ष 2019 और 2020 में भी न्यायालय में इस मामले को लेकर कार्रवाई जारी रही।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अब केंद्र सरकार की मध्यस्थता से कैशलेस समझौते का रास्ता निकला है। पूंजीगत देनदारी के समायोजन के बाद हिमाचल प्रदेश को अगले 20 वर्षों में 11,973 मिलियन यूनिट बिजली मिलेगी। सर्दियों के छह महीनों में प्रतिवर्ष करीब 598 मिलियन यूनिट बिजली मिलने से प्रदेश को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब सरकार की प्राथमिकता इस फैसले का लाभ प्रदेश की जनता तक पहुंचाना होनी चाहिए।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579