देवभूमि न्यूज 24 | धर्म-अध्यात्म
मायापति नारायण के चरणों में शीश नवाय।
दसवां अध्याय कार्तिक का, लिखूं नारायण राय।।
राजा पृथु ने नारद जी से पूछा—हे ऋषिश्रेष्ठ! आपको प्रणाम है। कृपया यह बताने की कृपा करें कि जब भगवान शिव ने अपने मस्तक के तेज को क्षीर सागर में डाला, तब आगे क्या हुआ?

नारद जी बोले—हे राजन्! जब भगवान शिव ने अपना तेज क्षीर सागर में डाल दिया, तब वह तेज शीघ्र ही एक बालक के रूप में प्रकट हो गया। वह बालक सागर के संगम पर बैठकर जोर-जोर से रुदन करने लगा। उसके रुदन से संपूर्ण संसार व्याकुल हो उठा। लोकपाल भी चिंतित हो गए और चराचर जगत में हलचल मच गई। भगवान शिव के तेज से उत्पन्न उस बालक के रुदन से पूरा ब्रह्मांड विचलित हो उठा।

यह देखकर सभी देवता और ऋषि-मुनि चिंतित होकर ब्रह्माजी की शरण में पहुंचे। उन्होंने ब्रह्माजी को प्रणाम कर स्तुति की और कहा—हे पितामह! इस बालक के कारण अत्यंत विकट परिस्थिति उत्पन्न हो गई है। हे महायोगिन! कृपा करके इस संकट का समाधान कीजिए।
देवताओं की प्रार्थना सुनकर ब्रह्माजी सत्यलोक से उतरकर सागर तट पर पहुंचे। ब्रह्माजी को आता देखकर सागर ने उनका स्वागत किया और बालक को उठाकर उनकी गोद में सौंप दिया।

आश्चर्यचकित होकर ब्रह्माजी ने सागर से पूछा—हे सागर! यह बालक किसका है? इसके विषय में शीघ्र बताओ।
सागर ने विनम्रतापूर्वक उत्तर दिया—हे प्रभु! मुझे इसके जन्म का रहस्य ज्ञात नहीं है। इतना अवश्य जानता हूं कि यह गंगासागर के संगम पर प्रकट हुआ है। अतः हे जगतगुरु! आप ही इसके जातकर्म आदि संस्कार संपन्न कर इसका भविष्य बताने की कृपा करें।
नारद जी राजा पृथु से आगे बोले—हे राजन्! उस समय सागर ब्रह्माजी के गले में हाथ डालकर बार-बार उन्हें अपनी ओर खींचने लगा। उसने ब्रह्माजी का गला इतनी जोर से पकड़ लिया कि वे पीड़ा से व्याकुल हो गए और उनकी आंखों से आंसू निकलने लगे।
ब्रह्माजी ने किसी प्रकार अपने दोनों हाथों का बल लगाकर सागर से अपना गला छुड़ाया। इसके बाद उन्होंने सागर से कहा—हे सागर! सुनो, मैं तुम्हारे इस पुत्र का भविष्य बताता हूं। मेरे नेत्रों से जो जल निकला है, उसी के कारण इसका नाम जलंधर होगा।
ब्रह्माजी ने बताया कि जन्म लेते ही यह बालक तरुण अवस्था को प्राप्त हो गया है। इसलिए यह सभी शास्त्रों का ज्ञाता, महापराक्रमी, बलशाली, महावीर और महान योद्धा होगा। युद्धभूमि में इसे विजय प्राप्त होगी।
यह बालक समस्त दैत्यों का अधिपति बनेगा। इसे पराजित करना अत्यंत कठिन होगा और यह भगवान विष्णु को भी युद्ध में परास्त करने की क्षमता रखेगा। भगवान शिव को छोड़कर यह अन्य सभी के लिए अवध्य होगा। इसकी उत्पत्ति जहां हुई है, यह वहीं जाएगा।
ब्रह्माजी ने आगे बताया कि इसकी पत्नी अत्यंत पतिव्रता, सौभाग्यशालिनी, सर्वांगसुंदरी, मनोहर और मधुर वाणी बोलने वाली शीलवान स्त्री होगी।
सागर को इस प्रकार भविष्य बताने के बाद ब्रह्माजी ने शुक्राचार्य को बुलवाया। उनके हाथों से उस बालक का राज्याभिषेक करवाकर ब्रह्माजी स्वयं अंतर्ध्यान हो गए।
अपने पुत्र को देखकर सागर की प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहा। वह हर्षित होकर बालक को अपने घर ले आया और उसका पालन-पोषण करने लगा। समय बीतने के साथ बालक शक्तिशाली और पराक्रमी हो गया।
इसके बाद सागर ने कालनेमि नामक असुर को बुलाया और उसकी पुत्री वृंदा के साथ विधिपूर्वक जलंधर का विवाह संपन्न कराया। विवाह के अवसर पर भव्य उत्सव आयोजित किया गया। शुक्राचार्य के प्रभाव और आशीर्वाद से जलंधर अपनी पत्नी वृंदा सहित दैत्यों का राजा बन गया।
इस प्रकार भगवान शिव के तेज से उत्पन्न जलंधर के जन्म, उसके नामकरण, भविष्यवाणी, राज्याभिषेक और विवाह का वर्णन कार्तिक माहात्म्य के दसवें अध्याय में किया गया है।
शेष अगले भाग में जारी…
✍️ ज्योतिषाचार्य शैलेन्द्र सिंगला
पलवल, हरियाणा
नारायण सेवा ज्योतिष संस्थान
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








