*देवभूमि न्यूज 24*
युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय, शिमला द्वारा 15 नवंबर, 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे कालीबाड़ी मंदिर, द मॉल, शिमला में आयोजित होगा।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी राकेश धौता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 एवं राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 के अंतर्गत किया जा रहा है।

राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है तथा इसी अवसर पर राष्ट्रीय युवा सप्ताह का भी शुभारंभ होता है। जिला स्तरीय युवा उत्सव के माध्यम से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि युवा उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक श्रेणी में पांच प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी, जिनमें लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक तथा कविता लेखन शामिल हैं। लोक नृत्य एवं लोक गीत प्रतियोगिताओं में अधिकतम 10 प्रतिभागियों का समूह भाग ले सकता है तथा प्रस्तुति की अवधि 5 से 8 मिनट निर्धारित की गई है। लोक नृत्य भारतीय लोक शैली पर आधारित होना चाहिए तथा पूर्व रिकॉर्ड किए गए संगीत के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। लोक गीत किसी भी क्षेत्रीय भाषा में भारतीय लोक गीत होना चाहिए, जबकि गीतों का मेडले प्रस्तुत करना मान्य नहीं होगा।

चित्रकला प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रविष्टि प्रस्तुत कर सकता है। इसके लिए अधिकतम छह घंटे का समय निर्धारित किया गया है तथा चित्र A3 आकार के कागज पर बनाया जाना चाहिए। प्रतिभागी पेंसिल कलर, एक्रिलिक, वाटर कलर अथवा क्रेयॉन सहित अपनी पसंद के माध्यम का उपयोग कर सकते हैं। चित्र के साथ 20 से 30 शब्दों में उसका संक्षिप्त विवरण देना अनिवार्य होगा। चित्र में किसी विशेष संगठन अथवा ब्रांड का नाम या प्रतीक प्रदर्शित नहीं होना चाहिए।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में अधिकतम 10 प्रतिभागियों का समूह भाग ले सकेगा तथा प्रस्तुति की अधिकतम अवधि सात मिनट होगी। इसमें केवल समूह नुक्कड़ नाटक की अनुमति होगी, एकल प्रस्तुति मान्य नहीं होगी। वहीं, कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रत्येक युवा केवल एक कविता प्रस्तुत कर सकेगा। इसके लिए अधिकतम 90 मिनट का समय निर्धारित किया गया है तथा कविता हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में लिखी जा सकती है।

उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभागियों की आयु 17 अगस्त, 2026 तक 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रत्येक प्रतिभागी सांस्कृतिक श्रेणी की केवल एक प्रतियोगिता में ही भाग ले सकता है। पिछले वर्ष सांस्कृतिक श्रेणी में भाग ले चुके युवा इस वर्ष VBYLD-2027 के अंतर्गत इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक सभी युवाओं के लिए MY Bharat पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के दिन अपनी जन्मतिथि के सत्यापन के लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र अथवा अन्य मूल पहचान पत्र के साथ उसकी छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनकी रचनात्मकता, मौलिकता, अभिव्यक्ति तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन के आधार पर किया जाएगा। जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जहां से चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकेंगे। सभी प्रतिभागियों को जलपान उपलब्ध करवाया जाएगा तथा विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ने जिला के सभी शिक्षण संस्थानों, युवा मंडलों एवं इच्छुक युवाओं से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल कालीबाड़ी मंदिर, द मॉल, शिमला में प्रातः 9:30 बजे रिपोर्ट करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को आने-जाने का यात्रा भत्ता अथवा अन्य कोई यात्रा व्यय (TA/DA) प्रदान नहीं किया जाएगा।
प्रतियोगिता एवं पंजीकरण संबंधी अधिक जानकारी के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय, शिमला के दूरभाष नंबर 0177-2803981 अथवा ई-मेल shimladysso757@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
देवभूमि न्यूज 24,मेरा गांव मेरा देश
देश दुनिया, गांव देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन:9816216579








