शिलाई गांव में गैस सिलेंडर में लगी आग, लकड़ी के मकान को पहुंचा नुकसान

Share this post

ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस से टला बड़ा हादसा, अग्निशमन टीम के पहुंचने से पहले आग पर पाया काबू

देवभूमि न्यूज 24
कार्तिकेय तोमर

*शिलाई शिलाई गांव में दीपावली की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिशन सिंह चुंगवान के घर खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा हैं कि गैस पाइप में लिकेज के कारण सिलेंडर के पास रखे अखबार ने पहले आग पकड़ी, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैलने के कारण घर के लकड़ी से बने मकान को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया तथा एक बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।

हालांकि, ग्रामीणों ने घबराने के बजाय सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने गीले कंबलों और रेत की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास और तत्परता से अग्निशमन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी गई। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

दीपावली जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस घटना ने गांव में चिंता का माहौल पैदा कर दिया। हालांकि, मकान को नुकसान पहुंचा है, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता और समय पर किए गए प्रयासों से स्थिति को और गंभीर होने से बचा लिया गया।

यह घटना रसोई गैस सिलेंडर के इस्तेमाल के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने और आग लगने जैसी आपात स्थिति में तत्काल सतर्कता अपनाने की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579