दबोली में पति-पत्नी की हत्या की घटना पर जताया दुख, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर दोहरे मापदंड अपना रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ प्रदर्शन और रोड शो करते हैं तो उसे लोकतंत्र की खूबसूरती बताते हैं। वहीं, जब शिक्षक अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन करने की बात करते हैं तो सरकार उन पर रोक लगाने के आदेश जारी कर देती है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग के कार्यालय में पार्टी प्रभारी और मंत्रियों की मौजूदगी में संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, चुनाव आयोग को ‘कर आयोग’ लिखने और कार्यकर्ताओं द्वारा चुनाव आयोग के कार्यालय में आग लगाने की धमकी देने जैसी घटनाओं पर सरकार खामोश रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसे कृत्यों को संरक्षण देती नजर आती है, लेकिन अपने अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले शिक्षकों के प्रदर्शन से पहले ही प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी कर दिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग द्वारा करवाए गए चुनाव में सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने, उसी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लोकतंत्र की खूबसूरती बताया जा रहा है, जबकि सरकार द्वारा किए गए वादे पूरे न होने पर शिक्षकों के अपने हक में आवाज उठाने पर रोक लगाई जा रही है। व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाली सरकार के ऐसे दोहरे मापदंड अब नहीं चलेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि झूठी गारंटियों और वादों के सहारे कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाई है। आने वाले दिनों में प्रदेश का हर वर्ग सरकार के खिलाफ खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी नाकामियों का एहसास है, इसलिए मुख्यमंत्री प्रदर्शन की आशंका मात्र से ही उन पर रोक लगाने के आदेश जारी कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि तानाशाही का रास्ता अपनाकर लोगों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। सरकार को अपनी गारंटियां पूरी करनी चाहिए, जनता से किए वादे निभाने चाहिए और प्रदेशवासियों को उनका हक देना चाहिए। लोगों को अपनी मांगों के समर्थन में सड़कों पर उतरने से रोकने के लिए तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाना उचित नहीं है।
दबोली में पति-पत्नी की हत्या पर जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दबोली में पति-पत्नी की हत्या की घटना पर गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि जितनी दुखद यह घटना है, उतने ही विचलित करने वाले इसके कारण भी हैं। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में इस प्रकार की घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की कि दुख की इस घड़ी में परिवार को असहनीय पीड़ा सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें। जयराम ठाकुर ने घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








