मुख्यमंत्री सुक्खू ने ओक ओवर में की गोवर्धन और विश्वकर्मा पूजा, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

Share this post

प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, मेहनतकशों और कारीगरों के योगदान को किया याद
देवभूमि न्यूज 24
शिमला। दीपावली पर्व के बाद गोवर्धन पूजा और भगवान विश्वकर्मा की आराधना के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को अपने सरकारी आवास ओक ओवर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दोनों देवताओं की पूजा कर हिमाचल प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर उन्नति की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण के दायित्व का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

वहीं, भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के माध्यम से मुख्यमंत्री ने निर्माण, शिल्प, तकनीक और श्रम के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने मेहनतकश लोगों, कारीगरों, शिल्पकारों और तकनीकी कार्यों से जुड़े वर्गों के योगदान को सम्मान देने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579