प्रकृति संरक्षण, श्रीकृष्ण की भक्ति और प्रेम का संदेश देती है कविता
देवभूमि न्यूज 24
गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मथुरा की कवयित्री ममता सक्सेना ने अपनी काव्य रचना के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की महिमा, गोवर्धन पर्वत की पौराणिक कथा और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया है।
कविता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र का अभिमान दूर करने और सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने के प्रसंग को सुंदर शब्दों में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही गाय, बैल, धरती, पर्वत, नदियों और वृक्षों के संरक्षण का आह्वान किया गया है।
गोवर्धन पूजा
रचनाकार : ममता सक्सेना, मथुरा
गोवर्धन पूजा का दिन आया, खुशियाँ लेकर साथ है, कान्हा की महिमा गूँज रही, हर घर में प्रभात है।
इंद्र का अभिमान मिटाया, गिरधर ने यह काम किया, अपनी छोटी उँगली पर, गिरिराज को उठा लिया।
सात दिवस तक वर्षा हुई, ब्रजवासी घबराए थे, गोवर्धन की छत्रछाया में, सबने प्राण बचाए थे।
ग्वाल-बाल सब साथ खड़े थे, नंद बाबा मुस्काए थे, यशोदा मैया के कान्हा ने, सबके कष्ट मिटाए थे।
गोबरधन का पर्वत पूजें, अन्नकूट का भोग लगाएं, गाय, बैल की पूजा करके, सब मिलकर खुशियाँ मनाएं।
धरती, पर्वत, नदी, वृक्ष की, हम सब रक्षा करते हैं, प्रकृति की सेवा करके ही, जीवन सच्चा करते हैं।
अहंकार को छोड़ो मन से, प्रेम का दीप जलाना है, कृष्ण की भक्ति में डूबकर, जीवन सफल बनाना है।
ममता की यही दुआ है, घर-घर में सुख आए, गोवर्धन पूजा सबको, खुशियाँ खूब मनाए।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








