12 नवंबर को श्री चमकौर साहिब से होगी शुरुआत, 19 नवंबर को खन्ना में समापन; 27 विधानसभा क्षेत्रों और 24 शहरों-कस्बों से गुजरेगी यात्रा
*देवभूमि न्यूज 24*
चंडीगढ़ : पंजाब में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पंजाब कांग्रेस 12 नवंबर से ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ शुरू करने जा रही है। नशे के खिलाफ जागरूकता और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक मुद्दों को लेकर निकाली जाने वाली यह यात्रा आठ दिनों तक चलेगी।
यात्रा की शुरुआत 12 नवंबर को श्री चमकौर साहिब से होगी, जबकि 19 नवंबर को खन्ना में इसका समापन किया जाएगा। इस दौरान साइकिल यात्रा करीब 625 किलोमीटर का सफर तय करेगी और पंजाब के 27 विधानसभा क्षेत्रों सहित 24 शहरों और कस्बों से होकर गुजरेगी।
कांग्रेस इस यात्रा को केवल नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसके माध्यम से पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर भी काम कर रही है।
यात्रा में पंजाब कांग्रेस के प्रधान परगट सिंह, पार्टी प्रभारी सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित प्रदेश के प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है। पार्टी की योजना है कि यात्रा जिन विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, वहां के संबंधित नेता और विधायक अपने-अपने क्षेत्र में इसमें शामिल होंगे। इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
दिल्ली के बड़े नेताओं के शामिल होने पर भी चर्चा
यात्रा के शुरुआती कार्यक्रम में दिल्ली से भी कांग्रेस का कोई बड़ा नेता शामिल हो सकता है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नामों पर चर्चा चल रही है।
अगले एक-दो दिनों में होगा अंतिम फैसला
दिल्ली से यात्रा में शामिल होने वाले नेताओं को लेकर अंतिम निर्णय अगले एक-दो दिनों में होने की संभावना है। इसी सप्ताह यात्रा के विस्तृत कार्यक्रम और रूट को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद कांग्रेस की इस साइकिल यात्रा का पूरा कार्यक्रम सार्वजनिक किया जा सकता है।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








