देवभूमि न्यूज 24
कार्तिकेय तोमर
शिलाई : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल की ग्राम पंचायत कोटी उतरोऊ में एक रहस्यमयी गोलीकांड सामने आया है। चलती बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय खजान सिंह निवासी जामु कोटी (रेणुका जी) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका चचेरा भाई रविंद्र (31) बाल-बाल बच गया। हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब आठ घंटे तक किसी को गोली चलने और खजान सिंह को गोली लगने का अंदेशा तक नहीं हुआ। शाम को जब रविंद्र ने अपना हेलमेट देखा तो उसमें गोली का निशान मिला। जांच करने पर हेलमेट के भीतर से गोली भी बरामद हुई। इसके बाद सुबह हुई घटना की पूरी कहानी ने नया मोड़ ले लिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे रविंद्र और खजान सिंह शिलाई उपमंडल की कोटी उतरो पंचायत के एक गांव से मेहमाननवाजी के बाद बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में रविंद्र को महसूस हुआ कि पीछे बैठा खजान सिंह अचानक अचेत हो गया है। कुछ ही देर बाद वह बाइक से नीचे गिर पड़ा। उस समय रविंद्र को न तो गोली चलने की आवाज सुनाई दी और न ही उसे खजान सिंह को गोली लगने का कोई अंदेशा हुआ।
खजान सिंह को घायल अवस्था में उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआत में परिजनों और साथ आए लोगों ने चोट लगने की वजह पत्थर लगना समझा। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन उसने पीजीआई पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया।
हेलमेट में गोली मिलने से खुला मामला
इस रहस्यमयी घटना का खुलासा शाम करीब चार बजे हुआ, जब रविंद्र ने अपना हेलमेट देखा। हेलमेट पर गोली का निशान देखकर वह हैरान रह गया। जांच करने पर उसके भीतर से एक गोली भी मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली पहले पीछे बैठे खजान सिंह के सिर से होकर निकली और फिर बाइक चला रहे रविंद्र के हेलमेट में जा धंसी। हेलमेट में गोली मिलने के बाद सुबह हुई घटना को लेकर संदेह गहरा गया और पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि घटना आवत गांव के आसपास हुई है। सूचना मिलने पर नाहन से अतिरिक्त थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शाम करीब सवा छह बजे पुलिस ने रविंद्र के बयान दर्ज किए और घटनास्थल सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएंगे मौत के कारण
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खजान सिंह की मौत के वास्तविक कारण और गोली लगने से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल शिलाई पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
बहरहाल, इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चलती बाइक पर गोली कहां से चली? क्या यह किसी अज्ञात शिकारी की ओर से चलाई गई गोली थी, कोई आपसी रंजिश थी या फिर घटना के पीछे कोई अन्य कारण है? सुबह सात बजे हुई घटना का राज शाम चार बजे हेलमेट में मिले गोली के निशान से खुला, लेकिन गोली चलने के स्रोत और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगना अभी बाकी है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं।
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव मेरा देश
हिमाचल,सिरमौर की खबरों को पढ़ने के लिए देखते रहे
समाचार, विज्ञापन:9816216579








