देवभूमि न्यूज 24
कार्तिकेय तोमर
शिलाई : शिलाई उपमंडल के कुंहट गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में गाड़ी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। घास लेकर गांव लौट रही एक गाड़ी सड़क पर खड़ी होने के दौरान अचानक पीछे की ओर लुढ़क गई और ढांक में जा गिरी। हादसे के समय मृतक गाड़ी के अंदर ही बैठा हुआ था।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रणदीप चौहान पुत्र अमर सिंह निवासी गांव कुंहट, डाकघर व तहसील शिलाई ने बताया कि 9 नवंबर 2026 को सुबह वह मोहन सिंह और यशपाल के साथ गाड़ी नंबर HP17B-0718 में घास लेने घासण गए थे। गाड़ी को यशपाल पुत्र खजान सिंह चला रहा था, जबकि गाड़ी का मालिक मोहन सिंह अगली सीट पर और शिकायतकर्ता पीछे की सीट पर बैठा था।
शिकायत के मुताबिक, तीनों घास लेकर वापस कुंहट लौट रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे गांव पहुंचने पर चालक यशपाल ने गाड़ी सड़क पर रोक दी और घास उतारने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान रणदीप चौहान भी गाड़ी से बाहर आ गया, जबकि मोहन सिंह गाड़ी के अंदर ही बैठा रहा। कुछ ही देर बाद गाड़ी अचानक पीछे की ओर चल पड़ी और सड़क से नीचे ढांक में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी के अंदर बैठे मोहन सिंह की मौत हो गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि चालक ने गाड़ी को असुरक्षित स्थान पर खड़ा किया था और हैंडब्रेक भी नहीं लगाई थी। इसी लापरवाही और असावधानी के कारण हादसा हुआ।
पुलिस थाना शिलाई में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगामी कार्रवाई कर रही है।








