आनी में जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, एक हजार से अधिक संस्थान बंद करने का लगाया आरोप

Share this post

पशु चिकित्सालयों से लेकर अस्पतालों तक की बदहाली पर उठाए सवाल, पंचायत चुनाव और चुनावी गारंटियों को लेकर भी घेरा
देवभूमि न्यूज 24
आनी (कुल्लू)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आनी में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता में आने के बाद लोगों की सुविधाओं के लिए खोले गए एक हजार से अधिक सरकारी संस्थानों को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के लोगों की परेशानियों को दूर करने और उनका बोझ कम करने से बड़ा सुख कोई नहीं है। इसी क्षेत्र में जन्म लेने और पले-बढ़े होने के कारण वह यहां के लोगों की समस्याओं और कठिनाइयों को भलीभांति समझते हैं।

जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी पिछली सरकार ने लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। कोविड महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर के बावजूद उनकी सरकार ने सड़क निर्माण के क्षेत्र में रिकॉर्ड काम किया। उन्होंने दावा किया कि बुजुर्गों को पेंशन देने की दिशा में भी उनकी सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक से ही प्रयास शुरू कर दिए थे।

आनी में स्कूल, अस्पताल और पशु चिकित्सालय बंद करने का आरोप

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने आनी विधानसभा क्षेत्र में विद्यालयों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों के साथ आधा दर्जन से अधिक पशु चिकित्सालय भी बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि आनी क्षेत्र पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यहां बड़ी संख्या में लोग पशुपालन पर निर्भर हैं। ऐसे में पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सालयों का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार पर पशुपालकों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

बीबीएमबी और वाइल्डफ्लावर हॉल की उपलब्धियों पर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर पूर्व सरकारों के कार्यकाल में मिली उपलब्धियों का श्रेय लेने का आरोप लगाते हुए बीबीएमबी और वाइल्डफ्लावर हॉल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी के मामले में हिमाचल को अंतिम जीत वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की सरकार के दौरान मिली थी। वहीं, वाइल्डफ्लावर हॉल से जुड़ा फैसला अक्तूबर 2022 में आया था, जबकि सुखविंद्र सिंह सुक्खू इसके करीब दो महीने बाद मुख्यमंत्री बने थे।

सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद को लेकर दी सलाह

जयराम ठाकुर ने विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को लेकर भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंत्री बनाने के नाम पर सुंदर सिंह ठाकुर को लंबे समय से इंतजार करवाया जा रहा है। उन्होंने सलाह दी कि सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद की अपेक्षा अपने स्वाभिमान को प्राथमिकता देनी चाहिए और मुख्यमंत्री से स्पष्ट कह देना चाहिए कि उन्हें मंत्री नहीं बनना है।

पंचायत चुनाव में कांग्रेस की हार का किया दावा

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी सरकार की स्थिति को देखते हुए पंचायत चुनाव करवाने से बचना चाहते थे। चुनाव रोकने के लिए मामला सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया गया और वकीलों पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंचायत चुनाव करवाने के लिए प्रयास किए, जिसके बाद आखिरकार चुनाव संपन्न हुए। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को 12 में से 11 जिलों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि चंबा में भाजपा केवल एक वोट से पीछे रह गई। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस की हार होने का दावा किया।

चुनावी गारंटियों और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सरकार को घेरा

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि प्रदेश की कितनी महिलाओं को 1500 रुपये की सम्मान राशि मिल रही है। उन्होंने युवाओं को रोजगार देने के वादे पर भी सरकार को घेरा। आरोप लगाया कि कोविड महामारी के दौरान मरीजों की सहायता करने वाले कुछ युवाओं को भी नौकरी से हटा दिया गया।

आनी क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की कमी है। कई स्थानों पर एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बसों के आधे से अधिक रूट बंद पड़े हैं और दूध उत्पादकों को भी समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान मुख्यमंत्री आनी विधानसभा क्षेत्र में केवल एक बार पहुंचे, जबकि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में वह सात बार इस क्षेत्र के दौरे पर आए थे। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और जल जीवन मिशन के तहत सैकड़ों करोड़ रुपये की योजनाएं शुरू करने का दावा किया।

लोकेंद्र कुमार के काम की सराहना, भारी मतों से जिताने की अपील

इस दौरान जयराम ठाकुर ने आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल हो रहे हैं और विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में लोकेंद्र कुमार को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। कार्यक्रम में उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।

जनसभा में उमड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को पिछले चुनावों की तुलना में अधिक जनसमर्थन मिलेगा।

डबल इंजन सरकार बनाने का किया आह्वान

जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने से विकास को नई गति मिल सकती है और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगली सरकार बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा और भाजपा के लक्ष्य को लेकर पूरी ताकत से आगे बढ़ना होगा।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579