ईश्वर वहाँ भी होता है, जहाँ हम गुनाह करते हैं

Share this post

मंदिर में जाकर शीश झुकाते हैं, बाहर आकर क्यों भूल जाते हैं कि ईश्वर वहाँ भी होता है, जहाँ हम गुनाह करते हैं।
देवभूमि न्यूज 24
हम अक्सर सोचते हैं कि ईश्वर केवल मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे या चर्च में ही निवास करते हैं। इसलिए धार्मिक स्थलों पर पहुंचते ही हमारा व्यवहार बदल जाता है। हम शांत हो जाते हैं, हाथ जोड़ लेते हैं और सिर झुकाकर प्रभु से सुख-शांति की प्रार्थना करते हैं। लेकिन जैसे ही हम मंदिर से बाहर निकलते हैं, कई बार हमारा व्यवहार भी बदल जाता है। हम किसी को अपशब्द बोल देते हैं, किसी के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और जाने-अनजाने किसी का दिल दुखा देते हैं।

आखिर ऐसा क्यों?

हम यह क्यों भूल जाते हैं कि ईश्वर केवल पूजा स्थलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे कण-कण में विद्यमान हैं। जब हम किसी का दिल दुखाते हैं, किसी को धोखा देते हैं, किसी की पीठ पीछे बुराई करते हैं या अपनी वाणी से किसी को पीड़ा पहुंचाते हैं, तब भी परमात्मा हमारे कर्मों का साक्षी होता है।

इंसान की नजरों से तो हम बच सकते हैं, लेकिन उस परम शक्ति की नजरों से कैसे बचेंगे, जो हमारे मन के विचारों तक को जानती है?

हमें यह समझना होगा कि सच्ची भक्ति केवल मंदिर में माथा टेकने, पूजा-पाठ करने या धार्मिक अनुष्ठान करने से पूरी नहीं होती। सच्ची भक्ति तो हमारे व्यवहार में दिखाई देनी चाहिए। हमारी वाणी में मिठास, मन में दूसरों के प्रति सम्मान और कर्मों में ईमानदारी होनी चाहिए।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चित्रगुप्त महाराज हमारे प्रत्येक कर्म का लेखा-जोखा रखते हैं। हमारी कलम से लिखे शब्द, हमारी जुबान से निकले बोल और हमारे द्वारा किए गए अच्छे-बुरे कर्म, सभी हमारे जीवन का हिस्सा बनते हैं। इसलिए हमें हर कदम पर यह ध्यान रखना चाहिए कि हम किसी के साथ अन्याय न करें और न ही अपने स्वार्थ के लिए किसी को दुख पहुंचाएं।

यदि हम इस एक बात को अपने जीवन में उतार लें कि ईश्वर हर जगह मौजूद हैं, तो शायद हम किसी का दिल दुखाने से पहले सौ बार सोचेंगे। हमारा मन निर्मल होगा, वाणी मधुर होगी और व्यवहार में विनम्रता आएगी।

याद रखिए, परमात्मा को दिखावे की पूजा से अधिक सच्चे मन, अच्छे कर्म और निर्मल भाव प्रिय हैं। किसी भूखे को भोजन कराना, दुखी व्यक्ति को सहारा देना, किसी जरूरतमंद की मदद करना और किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना भी ईश्वर की सच्ची आराधना है।

अंत में यही कहना चाहूंगी कि ईश्वर से केवल डरना नहीं, बल्कि उन्हें हर जगह महसूस करना सीखिए। क्योंकि सच्ची भक्ति मंदिर में सिर झुकाने से नहीं, बल्कि मंदिर से बाहर निकलकर इंसानियत निभाने से साबित होती है।

लेखिका : ममता सक्सेना चित्रांश
शहर : कोसीकलां (मथुरा), उत्तर प्रदेश

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579