रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारम्भ, ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का किया आह्वान
समृद्ध गांव, सशक्त किसान और आत्मनिर्भर युवा विकसित भारत के निर्माण के प्रमुख आधार: राज्यपाल
पारंपरिक हिमाचली उत्पादों को डिजिटल माध्यम से वैश्विक बाजारों से जोड़ने पर दिया जोर
*देवभूमि न्यूज 24*
रामपुर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश के गांव समृद्ध होंगे, किसान सशक्त बनेंगे और युवा आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ेंगे। विकसित भारत की यात्रा दिल्ली से नहीं, बल्कि गांवों से शुरू होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति के नए युग में प्रवेश कर रहा है।
राज्यपाल बुधवार को रामपुर में ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है। किसानों की समृद्धि, कारीगरों का कौशल और युवाओं का सामर्थ्य ही इस लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राज्यपाल ने आर्थिक सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और स्वरोजगार से जुड़ी अन्य योजनाएं कारीगरों, छोटे उद्यमियों तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने और रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाले बनने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जन आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीद केवल व्यापारिक गतिविधि नहीं, बल्कि स्थानीय कारीगरों की मेहनत का सम्मान और उनके परिवारों की आर्थिक खुशहाली में योगदान है। हमारा एक छोटा-सा प्रयास किसी परिवार के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।
लगभग 400 वर्ष पुराने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि सदियों पुरानी परंपराओं, पारंपरिक व्यापारिक संबंधों, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द का उत्सव है। ऐतिहासिक रूप से यह मेला व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है तथा क्षेत्र में एकता, भाईचारे और साझा विरासत की भावना को मजबूत करता आया है।
राज्यपाल ने किन्नौरी टोपी, ऊनी वस्त्रों, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों सहित पारंपरिक हिमाचली उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा और तकनीक अपनाने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, भाषा और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने नागरिकों और पर्यटकों से हिमाचल प्रदेश के संवेदनशील प्राकृतिक पर्यावरण को सुरक्षित रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करने की अपील की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने रामपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय नंद लाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने ऐतिहासिक मेले की परंपरा को संरक्षित रखने के लिए आयोजन समिति, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित पक्षों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विरासत का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी, विकास को आगे बढ़ाना हमारा कर्तव्य और विकसित भारत का निर्माण हमारा राष्ट्रीय संकल्प है।
इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी को मेले के इतिहास और परंपराओं से परिचित करवाने के उद्देश्य से पहली बार स्कूली बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसके माध्यम से बच्चों को अपने परिवारों और बुजुर्गों से मेले के इतिहास की जानकारी जुटाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आयोजन समिति की ओर से स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों, बागवानों और लघु उद्योगों को मंच उपलब्ध करवाने के प्रयास किए गए हैं, ताकि उन्हें नए बाजार मिल सकें। सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है तथा प्रदेश के सभी जिलों की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है।
नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष कर्ण शर्मा ने भी राज्यपाल का स्वागत करते हुए लवी मेले को क्षेत्र की विरासत और पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया। वहीं, रामपुर के उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने मेले में लगाई गई प्रदर्शनियों का शुभारम्भ किया और किन्नौरी सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों तथा विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर ने खाद्य स्टॉलों पर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया और हिमाचली खाद्य उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








