आठ घंटे तक गोली लगने की जानकारी सामने न आना चिंताजनक, सरकार बताए आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक ने घटना की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की उठाई मांग
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई: शिलाई क्षेत्र में चलती बाइक पर सवार 55 वर्षीय खजान सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हुई मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि घटना की परिस्थितियां कई गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार खजान सिंह अपने चचेरे भाई रविंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उन्हें गोली लगी। हैरानी की बात यह है कि बाइक चालक को करीब आठ घंटे बाद अपने हेलमेट पर गोली का निशान और उसके अंदर गोली मिलने पर घटना की वास्तविक प्रकृति का पता चला। घायल खजान सिंह को उपचार के लिए पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
तोमर ने कहा कि इस घटना को सामान्य सड़क हादसा या आपराधिक वारदात मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सबसे बड़ा सवाल यह है कि चलती बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति को गोली कैसे लगी और गोली किस दिशा से चलाई गई? क्या यह किसी शिकारी की लापरवाही का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? इन सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गहन जांच होना जरूरी है।
उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट करनी चाहिए। यदि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में लोग सड़क पर सफर करते हुए भी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सरकार केवल घटनाओं के बाद जांच के आदेश देने तक सीमित न रहे, बल्कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए।
भाजपा नेता ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की जाए। संभावित हथियार और गोली के स्रोत का पता लगाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों एवं संबंधित लोगों से पूछताछ की जाए। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक वजह सामने लाई जानी चाहिए। जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि खजान सिंह के परिवार ने अपना प्रिय सदस्य खोया है। ऐसे में सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि शिलाई की इस घटना का सच जल्द से जल्द सामने आना चाहिए। प्रदेश की जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षा, जवाबदेही और न्याय चाहिए।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








