पाकिस्तान में पुलिस टीम पर आतंकियों का घात लगाकर हमला, DSP समेत 11 जवानों की मौत

Share this post

12 पुलिसकर्मी घायल, पांच पुलिस वाहन आग के हवाले; जवाबी कार्रवाई में 18 आतंकियों के मारे जाने का दावा

  *देवभूमि न्यूज 24*

पाकिस्तान: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए घात लगाकर हमला किया। इस हमले में गम्बट के डीएसपी हैदर जमान समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 12 जवान घायल बताए जा रहे हैं। हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम कोहाट जिले के गम्बट क्षेत्र के दराबुकाच/दारबोकाच जलंधर बांदा इलाके में स्थित एक अवैध सोने की खदान पर छापेमारी के लिए जा रही थी। इसी दौरान पहाड़ियों पर पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पुलिस काफिले पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।

पुलिस प्रवक्ता मुहम्मद नौमान जेब के अनुसार, हमलावरों ने ऊंचाई से पुलिस वाहनों को निशाना बनाकर फायरिंग की। इस दौरान पांच पुलिस मोबाइल वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हमले में डीएसपी हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार सहित 11 पुलिसकर्मियों की जान चली गई। रेस्क्यू 1122 ने भी 11 मौतों की पुष्टि की है।

वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 18 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया है। खैबर पख्तूनख्वा पुलिस ने इस हमले के पीछे फितना-अल-खवारिज यानी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का हाथ होने की बात कही है।

प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना अवैध खनन माफिया और आतंकियों के बीच कथित गठजोड़ को उजागर करती है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579