मुख्यमंत्री सुक्खू ने लगातार तीसरी बार ठुकराया अंतर्राष्ट्रीय रेणुका मेले का निमंत्रण : प्रताप सिंह रावत

Share this post

रेणुका विधायक विनय कुमार मुख्यमंत्री को मेले में लाने में नाकाम, सिरमौर के विकास पर लगा ग्रहण : भाजपा जिला प्रवक्ता

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

नाहन। भाजपा जिला सिरमौर के प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस बार भी अंतर्राष्ट्रीय रेणुका मेले का निमंत्रण ठुकरा दिया है। यह लगातार तीसरा मौका है, जब मुख्यमंत्री मेले में शामिल नहीं हो रहे हैं।

प्रताप सिंह रावत ने कहा कि रेणुका विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मेले में लाने में नाकाम रहे हैं। इससे सिरमौर की जनता स्वयं को उपेक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के बीच आपसी संबंध ठीक नहीं होने का खामियाजा जिला सिरमौर को भुगतना पड़ रहा है। सिरमौर जिला सहित रेणुका विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति पूरी तरह थम गई है, जिसके लिए उन्होंने स्थानीय विधायक को जिम्मेदार ठहराया।

रावत ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का अपना ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री और समापन महामहिम राज्यपाल द्वारा किया जाता रहा है। लेकिन मुख्यमंत्री के लगातार तीसरी बार मेले में शामिल नहीं होने से इस गौरवशाली परंपरा को ठेस पहुंची है।

भाजपा जिला प्रवक्ता ने रेणुका विकास बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष पद से जुड़ी पुरानी परंपरा को भी बदल दिया है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में उपायुक्त सिरमौर को रेणुका विकास बोर्ड का अध्यक्ष बनाया जाता था, जबकि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही इस पद पर राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ जाता है। रावत ने दावा किया कि नियमानुसार किसी राजनीतिक दल का अध्यक्ष रेणुका विकास बोर्ड का अध्यक्ष नहीं बन सकता।

उन्होंने रेणुका विकास बोर्ड में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की। रावत ने कहा कि सरकार को बोर्ड की कार्यप्रणाली और खर्चों की निष्पक्ष जांच करवाकर जनता के सामने सच्चाई लानी चाहिए।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579