गाँव के पोखर से शहर की छत तक छठी मइया की भक्ति में डूबा जनमानस, डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर दिया समानता और सम्मान का संदेश
*देवभूमि न्यूज 24*
देवरिया। छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोकआस्था, पारिवारिक एकता और सामाजिक समरसता का अनुपम प्रतीक है। यह पर्व केवल सूर्य उपासना तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परंपराओं के संरक्षण और समाज को एक सूत्र में पिरोने का संदेश भी देता है। वरिष्ठ स्तम्भकार डॉ. विवेकानंद उपाध्याय ने अपने लेख ‘आस्था की डोर : बहंगी छठी माई के जाए…!’ में छठ महापर्व की इसी विशिष्टता और लोकजीवन से जुड़े भावनात्मक पक्षों का सुंदर चित्रण किया है।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व की तैयारियां नहाय-खाय से ही शुरू हो जाती हैं। घरों में पारंपरिक पकवान, ठेकुआ, कसार और गुड़ की खीर तैयार की जाती है। खरना के दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को प्रसाद बनाते हैं और उसे परिवार के साथ-साथ पड़ोसियों में भी वितरित करते हैं। इस परंपरा से सामाजिक सहभागिता और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। देश-विदेश में रहने वाले लोग भी इस पर्व पर अपने घर लौटकर परिवार और परंपराओं से जुड़ते हैं।
डॉ. उपाध्याय के अनुसार छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सादगी और आत्मनिर्भरता है। पूजा में इस्तेमाल होने वाला बाँस का सूप स्थानीय कारीगर तैयार करते हैं, मिट्टी के दीये कुम्हार बनाते हैं और प्रसाद में खेतों में पैदा होने वाली कृषि उपज का उपयोग किया जाता है। इस तरह यह पर्व ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पारंपरिक कारीगरों और स्थानीय उत्पादों को भी प्रोत्साहन देता है।
उन्होंने बताया कि संध्या अर्घ्य के दौरान नदी, तालाब, पोखर और अन्य जलाशयों के किनारे श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ता है। व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में बाँस के सूप में ठेकुआ, नारियल, गन्ना, फल और अन्य पूजन सामग्री लेकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देती हैं। छठ की यह परंपरा जीवन में उगते सूर्य के साथ डूबते सूर्य के सम्मान का भी संदेश देती है।
छठ घाटों पर गूंजने वाले पारंपरिक लोकगीत इस पर्व की आत्मा हैं। ‘काँच ही बाँस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए…’ जैसे लोकगीत पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं। इस पर्व की सबसे बड़ी खूबी यह है कि घाट पर जाति, धर्म, अमीरी और गरीबी का भेद मिट जाता है। सभी श्रद्धालु एक साथ खड़े होकर सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना करते हैं।
उन्होंने कहा कि उषाकालीन अर्घ्य के साथ छत्तीस घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन होता है। सुबह की पहली किरण के साथ व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं और इसके बाद प्रसाद वितरण तथा पारिवारिक मिलन का सिलसिला शुरू होता है।
डॉ. विवेकानंद उपाध्याय ने कहा कि छठ केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय समाज की जड़ों, लोकसंस्कृति, प्रकृति प्रेम और सामूहिक एकता का प्रतीक है। जब तक जलाशय, खेत, गन्ने की फसल, बाँस के कारीगर और लोकगीतों की परंपरा जीवित रहेगी, तब तक छठ महापर्व की आस्था और सांस्कृतिक विरासत भी पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती रहेगी।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








