राजीव शर्मन, ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
बिलासपुर: उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने आज बिलासपुर के वरिष्ठ एवं प्रख्यात साहित्यकार रामलाल पाठक द्वारा लिखित पुस्तक ‘कहलूर की लोक आस्थाएं’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने लेखक के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक कहलूर क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समझने की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण साहित्यिक कृति है।
उन्होंने कहा कि पुस्तक में कहलूर के ऐतिहासिक एवं सामाजिक स्वरूप, लोक आस्थाओं, जनमान्यताओं, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक परंपराओं का गहन अध्ययन एवं सारगर्भित प्रस्तुतीकरण किया गया है। यह कृति क्षेत्र की लोक संस्कृति की विविधता, विशिष्टता और उसकी गहरी जड़ों से परिचित करवाने के साथ-साथ बिलासपुर के गौरवशाली इतिहास और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की वास्तविक पहचान उसकी ऐतिहासिक विरासत, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों में निहित होती है। ऐसे में साहित्यकारों के शोधपरक एवं रचनात्मक प्रयास इन अमूल्य धरोहरों को दस्तावेजी स्वरूप प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि रामलाल पाठक की यह पुस्तक स्थानीय इतिहास, लोक आस्थाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण साहित्यिक योगदान के लिए लेखक को बधाई देते हुए उनके आगामी साहित्यिक प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।
देवभूमि न्यूज 24
देश दुनिया, गांव देहात,की खबरें
फेसबुक पर फॉलो करें Devbhuminews 24.in
समाचार, विज्ञापन भेजे:9816216579








