संस्थापक नाथूराम चौहान के गंभीर घायल होने से मध्य हिमालय से दिल्ली तक की पदयात्रा स्थगित

Share this post

15 नवंबर से शुरू होनी थी ‘जस्टिस फॉर देव आत्मा हिमालय’ के बैनर तले पदयात्रा, नाथूराम चौहान ने दक्षिण एशिया के पर्यावरण प्रेमियों से किया आह्वान

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

मध्य हिमालय से जंतर-मंतर दिल्ली तक प्रस्तावित ‘जस्टिस फॉर देव आत्मा हिमालय’ पदयात्रा को संगठन के संस्थापक एवं जाने-माने समाजसेवी और पर्यावरणविद् नाथूराम चौहान के गंभीर रूप से घायल होने के कारण स्थगित कर दिया गया है। यह पदयात्रा 15 नवंबर 2026 से शुरू होनी थी। अब अगले आदेश तक यात्रा स्थगित रहेगी।

नाथूराम चौहान ने दक्षिण एशिया महाद्वीप के समस्त पर्यावरण प्रेमियों और सहयोगियों के नाम जारी संदेश में बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), दिल्ली में एक सुनवाई के लिए जाते समय उनकी गाड़ी को पीछे से एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते वह पिछले करीब दो महीने से बिस्तर पर हैं। शारीरिक स्थिति अनुकूल न होने के कारण उनके लिए प्रस्तावित पदयात्रा में शामिल होना संभव नहीं है।

चौहान ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति, संगठन, देश, धर्म, जाति, संप्रदाय या भाषा तक सीमित नहीं है, बल्कि जल, जंगल, जमीन, जीव-जंतु, पर्यावरण, जीवन और मानव सभ्यता को बचाने की साझा लड़ाई है। इस उद्देश्य के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर आगे आने की आवश्यकता है।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सहयोग और समर्थन देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सांसों को बचाने की लड़ाई है और इसे अंतिम सांस तक जारी रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पदयात्रा केवल स्थगित की गई है, आंदोलन का उद्देश्य और संघर्ष जारी रहेगा।

नाथूराम चौहान ने दक्षिण एशिया के समस्त देवतुल्य पर्यावरण प्रेमियों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में अपना सहयोग और समर्थन बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से जल, जंगल, जमीन और प्रकृति को बचाने का यह संकल्प आगे भी जारी रहेगा।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579