रोनहाट महाविद्यालय की अनूठी पहल : मेधावी विद्यार्थियों की माताएँ बनेंगी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि

Share this post

17 नवंबर को श्रीमती बालमा देवी मुख्य अतिथि तथा श्रीमती कलदेई देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में होंगी आमंत्रित

*कार्तिकेय तोमर*

देवभूमि न्यूज 24 | शिलाई।

राजकीय महाविद्यालय रोनहाट ने मातृत्व के योगदान को सम्मान देने की दिशा में एक अनूठी पहल की है। महाविद्यालय ने अपने मेधावी विद्यार्थियों की माताओं को एक महत्वपूर्ण समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं भूमि-दाता सम्मान समारोह में ग्राम गुमट की श्रीमती बालमा देवी मुख्य अतिथि तथा ग्राम बाड़ी की श्रीमती कलदेई देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।

श्रीमती बालमा देवी महाविद्यालय के बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र देवदक्ष की माता हैं। देवदक्ष महाविद्यालय के शैक्षणिक टॉपर होने के साथ-साथ केंद्रीय छात्र परिषद के महासचिव भी हैं। हाल ही में भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश की ओर से जिला किन्नौर के रिकांग पिओ में आयोजित राज्य स्तरीय हिंदी पखवाड़ा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उन्होंने प्रदेशभर के प्रतिभागियों के बीच चौथा स्थान हासिल कर महाविद्यालय और जिला सिरमौर का नाम रोशन किया।

वहीं, श्रीमती कलदेई देवी महाविद्यालय के बीए तृतीय वर्ष के छात्र अमन शर्मा की माता हैं। अमन पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं, भाषण और खेलकूद में भी सक्रिय रहते हैं। इसके अतिरिक्त वे केंद्रीय छात्र परिषद में सांस्कृतिक सदस्य का दायित्व निभा रहे हैं।

महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नलिन रमौल ने इस पहल के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक सफल विद्यार्थी की उपलब्धियों के पीछे उसकी माँ का त्याग, परिश्रम और अटूट विश्वास होता है। हालांकि, अक्सर उनके इस योगदान को सार्वजनिक मंचों पर अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि पहाड़ की कठिन परिस्थितियों में खेतों, पशुधन और घर-गृहस्थी की जिम्मेदारियाँ निभाने के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने वाली माताएँ पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। महाविद्यालय की यह पहल ऐसी माताओं के योगदान को सम्मान और पहचान देने का एक विनम्र प्रयास है।

डॉ. रमौल ने कहा कि हाटी समाज सहित हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति में माँ को सदैव प्रथम गुरु का स्थान प्राप्त रहा है। लोकगीतों, रीति-रिवाजों, बोली-भाषा और पारंपरिक व्यंजनों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखने तथा आगे बढ़ाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में ग्रामीण माताओं को मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन करना न केवल सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देता है कि महिलाओं को निर्णय लेने और नेतृत्व करने वाले मंचों पर समान सम्मान एवं अवसर मिलना चाहिए।

महाविद्यालय की यह पहल विद्यार्थियों की सफलता में माताओं के योगदान को सार्वजनिक पहचान देने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं के सम्मान, सहभागिता और नेतृत्व को प्रोत्साहित करने का संदेश भी देती है।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579