जेपी यूनिवर्सिटी में हिमालयन गॉट रॉक टैलेंट का ग्रैंड फिनाले संपन्न

Share this post

लाहौल की पल्लवी बनीं शो की ओवरऑल विजेता, नेपाल के रूपेश ने डांस कैटेगरी में मारी बाजी; पहाड़ी संस्कृति और प्रतिभाओं को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच

यशपाल कपूर,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

वाकनाघाट (सोलन), जेपी यूनिवर्सिटी, वाकनाघाट में 14 से 16 नवंबर तक आयोजित भारत के पहले पहाड़ी रियलिटी शो हिमालयन गॉट रॉक टैलेंट का ग्रैंड फिनाले धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन में नेपाल, तिब्बत, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू सहित विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने गायन और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में लाहौल की पल्लवी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर शो की ओवरऑल विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि डांस कैटेगरी में नेपाल के रूपेश ओवरऑल विजेता रहे। गायन वर्ग में निकिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवम और राहुल संयुक्त रूप से रनरअप रहे।

डांस प्रतियोगिता की सब-जूनियर कैटेगरी में रैना ने पहला स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में एंजेल रांटा प्रथम और निष्ठा चौहान द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं सीनियर कैटेगरी में एंजेल चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

शो के फाउंडर डॉ. नरेश कुमार कौंडल ने बताया कि हिमालयन गॉट रॉक टैलेंट का मुख्य उद्देश्य हिमालयी क्षेत्रों की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। यह मंच पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम के विभिन्न चरणों में प्रतिष्ठित कलाकारों और विशेषज्ञों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। गायन प्रतियोगिता में राइजिंग स्टार फेम डॉ. आशीष चौहान और अमित अलबेला निर्णायक रहे, जबकि इंदरजीत सिंह ने गेस्ट जज के रूप में भाग लिया। नृत्य प्रतियोगिता में डायमंड मुरी, सिम्मी शांडिल्य, पंकज कुमार और विक्रमजीत सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के डांसिंग राउंड में नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शिरकत की, जबकि ग्रैंड फिनाले में राजीव राणा मुख्य अतिथि रहे। उद्घाटन समारोह में जेपी यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. आर.के. शर्मा मुख्य अतिथि रहे। सेमीफाइनल में ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन कृपाल सिंह पसरीचा और जेपी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ने विशेष रूप से भाग लिया।

इस अवसर पर डॉ. तीरथ, डॉ. मनोज गंधर्व, के.के. भारद्वाज, विजय भवानी, दिनेश कश्यप, नवीन गुप्ता, उदयराज तथा इवेंट कोऑर्डिनेटर पंकज संख्या सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया। डॉ. सुशील, नगीन बंसल, नेहा चौहान, मीरा ठाकुर और निशिता शर्मा को बेस्ट इन्फ्लुएंसर्स अवार्ड प्रदान किए गए। वहीं ग्रैंड फिनाले के मुख्य अतिथि राजीव राणा ने आंचल कल्टा, इशिता पुंडीर, किरण नेगी, अंकिता ठाकुर, राहुल कॉमेडियन और राहुल कोरियोग्राफर को बेस्ट इन्फ्लुएंसर्स एवं मोटिवेटर्स अवार्ड से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त पंकज को हिमाचल आइकन अवार्ड प्रदान किया गया।

तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने पहाड़ी कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में कलाकारों के उत्साह और दर्शकों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि हिमालयी क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाओं में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की अपार क्षमता है।

देवभूमि न्यूज 24
देश दुनिया, गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन:9816216579