कुल्लू जिला के सिंहण में खुलेगा डाकघर का एक्सटेंशन काउंटर, देहुरीधार पंचायत के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

Share this post

20 किलोमीटर दूर सैंज नहीं जाना पड़ेगा, 18 नवंबर को होगा शुभारंभ

देवभूमि न्यूज 24 | कुल्लू।

ग्राम पंचायत देहुरीधार के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। डाकघर वजाहरा के अंतर्गत गांव सिंहण में डाकघर का एक्सटेंशन काउंटर खोला जा रहा है। इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बैंकिंग एवं डाकघर संबंधी कार्यों के लिए करीब 20 किलोमीटर दूर सैंज नहीं जाना पड़ेगा।

एक्सटेंशन काउंटर के माध्यम से क्षेत्र के लोग अपना डाकघर खाता खुलवा सकेंगे और डाकघर से संबंधित विभिन्न लेन-देन की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके लिए डाकघर वजाहरा के BPM सप्ताह में एक दिन सिंहण में अपनी सेवाएं देंगे। वहीं, यदि लोगों का लेन-देन अधिक रहता है तो जरूरत के अनुसार सप्ताह में दो दिन भी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकती हैं।

इस एक्सटेंशन काउंटर का उद्घाटन बुधवार, 18 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे सिंहण में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत देहुरीधार की प्रधान श्रीमती टीला देवी, उपप्रधान नीमत राम, समस्त वार्ड सदस्य तथा बीडीसी सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

ग्राम पंचायत की ओर से समस्त क्षेत्रवासियों से आग्रह किया गया है कि वे इस शुभ अवसर पर सुबह 10 बजे सिंहण पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लें और इस नई सुविधा का लाभ उठाएं।

डाकघर एक्सटेंशन काउंटर की शुरुआत को देहुरीधार पंचायत के ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल लोगों का समय और आने-जाने का खर्च बचेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में बैंकिंग एवं डाक सेवाओं की पहुंच भी आसान होगी।

जनता की मांग पूरी होने की दिशा में यह कदम क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करने में अहम साबित होगा।

18 नवंबर | सुबह 10 बजे | सिंहण

अब 20 किलोमीटर दूर सैंज नहीं जाना पड़ेगा! देहुरीधार पंचायत के सिंहण गांव में शुरू होगा डाकघर का एक्सटेंशन काउंटर।

देवभूमि न्यूज 24 | कुल्लू और देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579