देहुरीधार पंचायत के सिहण में खुला डाकघर का एक्सटेंशन काउंटर, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

Share this post

अब डाक संबंधी कार्यों के लिए 20 किलोमीटर दूर सैंज नहीं जाना पड़ेगा, सप्ताह में एक दिन मिलेगी सेवा
देवभूमि न्यूज 24
कुल्लू। जिला कुल्लू की ग्राम पंचायत देहुरीधार के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। पंचायत के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए डाकघर वजाहरा के अंतर्गत सिहण में एक्सटेंशन काउंटर खोला जा रहा है। इस सुविधा के शुरू होने से ग्रामीणों को डाकघर से संबंधित कार्यों के लिए करीब 20 किलोमीटर दूर सैंज नहीं जाना पड़ेगा।

डाक विभाग की ओर से सिहण स्थित एक्सटेंशन काउंटर में सप्ताह में एक दिन सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके लिए डाकघर वजाहरा से बीपीएम (ब्रांच पोस्टमास्टर) सिहण पहुंचकर लोगों के डाक संबंधी कार्य करेंगे। विभाग की ओर से यह भी बताया गया है कि यदि एक्सटेंशन काउंटर में लेन-देन और खाताधारकों की संख्या बढ़ती है तो सप्ताह में दो दिन भी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकती हैं।

डाक विभाग एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे सिहण स्थित एक्सटेंशन काउंटर में अपने खाते खुलवाएं और डाकघर की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं।

एक्सटेंशन काउंटर के उद्घाटन अवसर पर ग्राम पंचायत देहुरीधार की प्रधान टीला देवी, उपप्रधान नीमत राम, पंचायत के समस्त वार्ड सदस्य, बीडीसी सदस्य सीता देवी, पोस्टमास्टर मोहिनी, पंचायत सचिव यान सिंह तथा समाजसेवी महेंद्र सिंह पालसरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पोस्टमास्टर मोहिनी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डाकघर की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को डाकघर की बचत योजनाओं सहित अन्य उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीणों का कहना है कि सिहण में एक्सटेंशन काउंटर खुलने से देहुरीधार पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेषकर बुजुर्गों और दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को अब छोटे-छोटे डाक संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

क्षेत्रवासियों ने उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए डाक विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579