बहन को मृतक के बेटे द्वारा घर से भगाकर ले जाने की रंजिश में रची थी हत्या की साजिश, एसआईटी ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर का मामला
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई। सिरमौर पुलिस ने शिलाई क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड़, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई को 18 नवंबर को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी की बहन सुमन को मृतक खजान सिंह के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने के कारण आरोपी ने रंजिश पाल रखी थी और इसी के चलते उसने कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को रविन्द्र सिंह पुत्र खयाली राम निवासी गांव क्यारटा पिपलटी, डाकघर जामू कोटी ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह सुबह करीब 7:20 बजे अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल नंबर HP71A-4396 पर गांव चांदपुर धार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कोटी-उत्तरोऊ मोड़ के पास उसे धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे उसके भाई खजान सिंह अचानक नीचे गिर गए।
रविन्द्र सिंह के अनुसार, घर पहुंचने पर जब उसने अपने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद पाया गया। हेलमेट के अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली भी बरामद हुई। इसके अलावा उसके सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई है। शिकायतकर्ता ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली चलाकर उसके भाई की हत्या करने और उसे भी गोली लगने से घायल करने का संदेह जताया था।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस थाना शिलाई में अभियोग संख्या 67/2026 दिनांक 11 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1), 115(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर और एसडीपीओ पांवटा साहिब ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, एसएफएसएल जुन्गा की विशेषज्ञ टीम ने भी घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गहन जांच के लिए डीएसपी मान्वेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया।
एसआईटी में पुलिस थाना शिलाई के प्रभारी एसआई महिपाल सिंह सहित पुलिस कर्मियों तथा साइबर सेल नाहन की टीम को शामिल किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। आखिरकार पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी बहन सुमन को मृतक के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने की रंजिश में सोची-समझी साजिश के तहत वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस आरोपी को वीरवार को माननीय अदालत शिलाई में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया अमल में लाएगी। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। पुलिस जांच के दौरान वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों की भी पड़ताल की जाएगी।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








