देवभूमि न्यूज 24
मॉस्को। रूस में मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा सामने आया। पश्चिमी साइबेरिया के केमेरोवो क्षेत्र में रूसी सेना का एक सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 19 लोगों की मौत हो गई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दुर्घटना की पुष्टि की है। शुरुआती जांच में विमान के उपकरणों में तकनीकी खराबी को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान एएन-12 (An-12) सैन्य परिवहन विमान था। यह विमान मंगलवार को केमेरोवो क्षेत्र के यागुनोवो गांव के समीप एक निर्जन इलाके में गिरा। विमान में चालक दल के सदस्यों सहित कुल 19 लोग सवार थे। हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा।
घटना की सूचना मिलते ही जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई। विमान दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए वायुसेना के विशेषज्ञों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच अधिकारी विमान के तकनीकी सिस्टम, उपकरणों की स्थिति और उड़ान के दौरान सामने आई संभावित खराबियों की पड़ताल कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनास्थल रूस की राजधानी मॉस्को से लगभग 3,000 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। विमान एक सुनसान इलाके में गिरा, जिसके चलते जमीन पर मौजूद अन्य लोगों के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
गौरतलब है कि एएन-12 सोवियत संघ के दौर में विकसित किया गया सैन्य परिवहन विमान है। इसमें चार टर्बोप्रॉप इंजन लगे होते हैं। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से सैनिकों, सैन्य उपकरणों और अन्य जरूरी सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। इस विमान का विकास 1950 के दशक के अंतिम वर्षों में हुआ था।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








