संदिग्ध फॉर्च्यूनर गाड़ी में हथियारबंद लोगों के होने का दावा, सिरमौर पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24 | शिलाई।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने रुद्र सेना के अध्यक्ष राकेश उत्तराखंडी द्वारा पांवटा साहिब से शिलाई आते-जाते समय एक संदिग्ध सफेद फॉर्च्यूनर गाड़ी से पीछा किए जाने के लगाए गए आरोपों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शांतिप्रिय शिलाई क्षेत्र में लगातार सामने आ रही सुरक्षा संबंधी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और प्रदेश सरकार तथा पुलिस प्रशासन को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि कुछ दिन पहले ही शिलाई क्षेत्र में 55 वर्षीय खजान सिंह की गोली लगने से दर्दनाक मौत हुई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध हथियारों और गोलीबारी जैसी घटनाओं को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब रुद्र सेना के अध्यक्ष राकेश उत्तराखंडी ने आरोप लगाया है कि 18 नवंबर को पांवटा साहिब से शिलाई जाते समय एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी लगातार उनका पीछा करती रही। उनके अनुसार शिलाई से वापस लौटते समय भी वही गाड़ी उनके पीछे दिखाई दी। उनके चालक और अंगरक्षक ने भी इस गतिविधि को देखा। इतना ही नहीं, सतौन में जब उनकी टीम उनका इंतजार कर रही थी, तब भी कथित तौर पर वही वाहन कुछ दूरी पर आकर रुका। आरोप है कि वाहन में हथियारबंद लोग सवार थे।
तोमर ने कहा कि इस मामले में वाहन की नंबर प्लेट HP 15B 4932 को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। राकेश उत्तराखंडी के अनुसार यह नंबर मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार का है, जबकि पीछा करने वाला वाहन फॉर्च्यूनर बताया जा रहा है। यदि जांच में यह आरोप सही पाया जाता है तो यह फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल और वाहन की वास्तविक पहचान छिपाने का गंभीर मामला हो सकता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर शिलाई विधानसभा क्षेत्र में ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं? पहले एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत और अब एक सामाजिक संगठन के अध्यक्ष द्वारा हथियारबंद लोगों के साथ संदिग्ध वाहन से पीछा किए जाने का आरोप सामने आना प्रशासन के लिए गंभीर विषय है। क्या प्रदेश सरकार किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रही है?
बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि शिलाई क्षेत्र की पहचान हमेशा शांति, भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास के लिए रही है। लेकिन हालिया घटनाओं के बाद लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है कि आम नागरिकों के मन से भय दूर करे और उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाए। कानून का राज केवल बयानों से नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी कार्रवाई से स्थापित होता है।
उन्होंने सिरमौर पुलिस और जिला प्रशासन से मांग की कि राकेश उत्तराखंडी द्वारा लगाए गए आरोपों की तत्काल निष्पक्ष जांच करवाई जाए। संदिग्ध फॉर्च्यूनर गाड़ी, उसकी नंबर प्लेट, वास्तविक पंजीकरण और उसमें सवार व्यक्तियों की पहचान की जाए। पांवटा साहिब, सतौन और शिलाई मार्ग पर उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए। यदि वाहन में हथियार मौजूद थे तो उनकी वैधता और लाइसेंस की भी पड़ताल हो। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
तोमर ने प्रदेश सरकार से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि शिलाई और सिरमौर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध हथियारों, संदिग्ध वाहनों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल जांच का आश्वासन देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनता को सुरक्षा का भरोसा मिलना चाहिए और प्रशासन को अपनी जवाबदेही निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि शिलाई की शांति और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। प्रदेश सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती। क्षेत्र की जनता को सुरक्षित माहौल और कानून का प्रभावी राज चाहिए।
बलदेव सिंह तोमर पूर्व विधायक, शिलाई प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा हिमाचल प्रदेश
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








