देवभूमि न्यूज 24
ठियोग, जिला शिमला
प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), ठियोग में RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (HPCED), उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब द्वारा तीन दिवसीय EDP (Entrepreneurship Development Programme) कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं को उद्यमिता, स्वरोजगार, व्यवसाय स्थापना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर श्री सुरेंद्र शर्मा, EO (Extension Officer), उद्योग विभाग, ठियोग ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उद्यमिता विकास कार्यक्रम के महत्व एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता एवं विभागीय सहयोग के बारे में जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में श्री मामराज शर्मा, सचिव, द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब ने प्रथम दिवस के मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में उद्यमिता विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रतिभागियों को उद्यमिता की अवधारणा, व्यवसायिक विचारों की पहचान, व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, व्यवसाय योजना तैयार करने, वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं, सरकारी योजनाओं तथा उपलब्ध संस्थागत सहयोग के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने RAMP योजना के उद्देश्यों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने में प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान सुश्री मीरा शर्मा एवं सुश्री किरण शर्मा ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने विशेष रूप से फूड प्रोसेसिंग (खाद्य प्रसंस्करण) के क्षेत्र में उपलब्ध उद्यमिता की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्थानीय कृषि उत्पादों एवं उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करके महिलाएं छोटे स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े व्यवसाय शुरू कर सकती हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
इस अवसर पर श्रीमती अनीता कुमारी, सीनियर फैकल्टी, श्री रामलाल, कोऑर्डिनेटर तथा श्री राजेश शर्मा, कोऑर्डिनेटर, द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस में लगभग 15 स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिला सदस्यों सहित 80 से अधिक विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस तीन दिवसीय EDP कार्यक्रम के आगामी सत्रों में भी प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, व्यवसायिक विचारों की पहचान, व्यवसाय योजना तैयार करने, स्वरोजगार के अवसरों, वित्तीय प्रबंधन तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यम स्थापित करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
देवभूमि न्यूज 24
देश दुनिया, गांव देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन:9816216579








