राज्यपाल कविन्द्र सिंह गुप्ता 25 नवंबर को पश्मी गांव में करेंगे चालदा महासू देवता के दर्शन, हाटी समुदाय करेगा पारंपरिक सम्मान

Share this post

शिलाई (सिरमौर)हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री कविन्द्र सिंह गुप्ता आगामी 25 नवंबर, बुधवार को प्रातः 9:30 बजे शिलाई क्षेत्र के पश्मी गांव पहुंचकर छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शन करेंगे। चालदा महासू देवता के हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में प्रवास का लगभग एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। अब महाराज के उत्तराखंड स्थित मूल क्षेत्र में वापस लौटने की तैयारियां भी शुरू हो रही हैं। ऐसे में राज्यपाल का पश्मी गांव पहुंचना क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है।

चालदा महासू महाराज के सिरमौर आगमन के बाद से ही हिमाचल और उत्तराखंड के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली है। देवता के दर्शन के लिए प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार चर्चा में रहा है।

इस ऐतिहासिक धार्मिक प्रवास के दौरान कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां भी चालदा महासू महाराज के दरबार में शीश नवाने पहुंच चुकी हैं। महाराज के हिमाचल आगमन के समय प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी उनका स्वागत किया था। उन्होंने महाराज के पश्मी गांव में एक वर्ष तक विराजमान रहने को क्षेत्र की लोक आस्था, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के लिए सौभाग्यपूर्ण बताया था। वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान सहित प्रदेश के अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इस ऐतिहासिक देवयात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं एवं धार्मिक आयोजनों में भागीदारी निभाई

उत्तराखंड से भी कई विशिष्ट हस्तियां महाराज के दर्शन के लिए पश्मी पहुंची हैं। बीते सितंबर माह में उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने पश्मी पहुंचकर चालदा महासू महाराज के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर हिमाचल, उत्तराखंड सहित पूरे देश की सुख-समृद्धि की कामना की थी। उन्होंने महासू महाराज को जौनसार-बावर और हिमाचल के गिरिपार क्षेत्र के लाखों लोगों की आस्था का केंद्र बताया था।

वहीं हाल ही में 15 नवंबर को पश्मी गांव ने एक और ऐतिहासिक क्षण देखा, जब हंस फाउंडेशन के संस्थापक एवं प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु भोले जी महाराज और माता मंगला अपने निजी हेलीकॉप्टर से देहरादून से पश्मी पहुंचे। गांव में पहली बार हेलीकॉप्टर उतरा और दोनों आध्यात्मिक विभूतियों ने चालदा महासू महाराज के दर्शन किए। इस घटनाक्रम ने पश्मी गांव को धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया।

हाटी संस्कृति के प्रतीकों से होगा राज्यपाल का सम्मान

राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर ब्लॉक यूनिट शिलाई ने विशेष स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम की तैयारी की है। इस दौरान महामहिम राज्यपाल को हाटी समुदाय की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक पहचान के प्रतीक लोईया, डांगरा और हाटी टोपी पहनाकर सम्मानित किया जाएगा।

ब्लॉक यूनिट शिलाई की ओर से सभी सदस्यों तथा केंद्रीय हाटी समिति के सदस्यों से आग्रह किया गया है कि वे 25 नवंबर को प्रातः पश्मी गांव पहुंचकर राज्यपाल के स्वागत एवं सम्मान समारोह में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

हिमाचल और उत्तराखंड की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बना पश्मी

चालदा महासू महाराज का पश्मी प्रवास केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने हिमाचल प्रदेश के गिरिपार क्षेत्र और उत्तराखंड के जौनसार-बावर के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान की है। अब महाराज के आगामी प्रवास और उत्तराखंड वापसी की तैयारियों के बीच राज्यपाल का पश्मी आगमन इस ऐतिहासिक धार्मिक अध्याय में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ने जैसा है।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579