शिलाई पंचायत के अच्छोटी और पंध्याट के ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत, अब हर महीने 16 तारीख को पहुंचेगी गैस सप्लाई

Share this post

छह किलोमीटर दूर शिलाई जाकर सिलेंडर भरवाने की मजबूरी होगी खत्म, एसडीएम जसपाल सिंह और समाजसेवी कपिल देसाई के प्रयासों की ग्रामीणों ने की सराहना

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

शिलाई (सिरमौर) शिलाई ग्राम पंचायत के उपगांव अच्छोटी और पंध्याट के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। अब इन दोनों गांवों में प्रत्येक महीने की 16 तारीख को घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इस सुविधा के शुरू होने से ग्रामीणों को गैस सिलेंडर भरवाने के लिए करीब छह किलोमीटर दूर शिलाई गांव नहीं जाना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने इस सुविधा को उपलब्ध करवाने में सहयोग के लिए एसडीएम शिलाई जसपाल सिंह का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। लोगों ने कहा कि क्षेत्रवासियों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए गैस आपूर्ति की व्यवस्था करवाना सराहनीय पहल है। इससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और उन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें सिलेंडर लाने-ले जाने के लिए अतिरिक्त समय और पैसे खर्च करने पड़ते थे।

इस पहल में शिलाई के युवा समाजसेवी कपिल देसाई के प्रयासों की भी ग्रामीणों ने सराहना की है। ग्रामीणों ने कहा कि कपिल देसाई ने क्षेत्र की इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसी तक ग्रामीणों की मांग पहुंचाने में पहल की, जिसके परिणामस्वरूप अब दोनों उपगांवों के लिए नियमित गैस आपूर्ति की व्यवस्था बनी है।

शहीद कल्याण इंडियन गैस एजेंसी के प्रबंधक विजेंद्र चौहान ने बताया कि जनता की मांग और सुविधा को देखते हुए अब प्रत्येक महीने की 16 तारीख को शिलाई गांव में गैस वितरण के बाद अच्छोटी और पंध्याट में भी गैस की सप्लाई दी जाएगी। इससे दोनों गांवों के उपभोक्ताओं को अपने घर के नजदीक ही गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सकेंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन, एसडीएम जसपाल सिंह, समाजसेवी कपिल देसाई तथा गैस एजेंसी प्रबंधन का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाता रहेगा।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579